खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर साफ सफाई करने वाले श्रमिकों ने 10 माह से वेतन ना मिलने के विरोध में टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। समय रहते बकाया वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे की देखरेख और मरम्मत का ठेका सद्भाव कंपनी के अंडर है। कंपनी ने एक्सप्रेस वे की साफ सफाई के लिए बागपत के विभिन्न गांवों के सफाई कर्मचारी रखे हुए हैं। बुधवार को सफाई कर्मचारी जखोली टोल प्लाजा पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कंपनी पिछले 10 माह से उन्हें वेतन नहीं दे रही है। वेतन ना मिलने से उन्हें परिवार का पालन पोषण करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वे कंपनी के अधिकारियों से कई बार बकाया वेतन दिलाए जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन बकाया वेतन नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने टोल प्लाजा के अधिकारियों से बकाया वेतन दिलवाने की भी मांग की। इस दौरान देवेंद्र, रामसिंह, बेगराम, सुशील, रमेश, रामपाल, सतीश, मुकेश आदि मौजूद रहे।