यूपी : मतगणना स्थल से अपराधियों को दूर रखने के दावे फेल,बागपत में हिस्ट्रीशीटर को बनाया एजेंट, गांव में तनाव
ग्रामीणों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर व उसके गुर्गे मतगणना में गड़बड़ी करा सकते हैं। मामला संज्ञान में आने पर प्रशासनिक व पुलिस अफसर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं। उधर, ग्रामीणों ने एसडीएम, डीएम व अन्य अफसरों से हिस्ट्रीशीटर के मतगणना स्थल पर प्रवेश पर रोक लगाए जाने की मांग उठाई।
लुहारी गांव की ओमकली पत्नी वीरसैन सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गत 19 अप्रैल को गांव में मतदान के दौरान भी हिस्ट्रीशीटर अपिल ने कई लोगों से मारपीट की थी। जमानत लेकर उक्त हिस्ट्रीशीटर गांव आया हुआ है और खुलेआम गुंडागर्दी कर रहा है।
आरोप लगाया कि प्रशासन की मदद से हिस्ट्रीशीटर बदमाश अपिल ने स्वयं व अपने 20 से अधिक गुर्गों को एजेंट बनवा दिया। इससे मतगणना में गड़बड़ी की आंशका है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर उक्त हिस्ट्रीशीटर के मतगणना स्थल पर प्रवेश पर रोक लगाए जाने की मांग की।
ये बोले एसडीएम
इस संबंध में एसडीएम दुर्गेश मिश्र का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों का रिकार्ड पुलिस प्रशासन के पास रहता है। मुझे शिकायती पत्र मिला है कि लुहारी गांव के हिस्ट्रीशीटर बदमाश अपिल को एजेंट बनाया गया है। इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में आरओ को जांचकर हिस्ट्रीशीटर का पास निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
ये बोले सीओ
इस संबंध में सीओ आलोक कुमार का कहना है कि मुझे कोई शिकायती नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो मामला दिखवाया जाएगा। मतगणना स्थल से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वालों को दूर रखा जाएगा।