Baghpat: यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में पहुंचे प्रश्नपत्र, कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखवाए गए
बागपत जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र पहुंचने शुरू हो गए हैं, जिन्हें स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी निगरानी और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में सुरक्षित रखा गया है।
विस्तार
यूपी बोर्ड परीक्षा कराने के लिए जिले में सभी विषयों के प्रश्न पत्र पहुंचना शुरू हो गए हैं। प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है। इसकी जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है। साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं और कंट्रोल रूम से भी निगरानी रखी जाएगी ताकि कोई प्रश्नपत्रों के साथ छेड़छाड़ न कर सके।
माध्यामिक शिक्षा परिषद से संचालित बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो जाएगी। जिले में 36 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 13633 व इंटरमीडिएट में 12624 विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर शासन व प्रशासन चौकस है। मुख्य प्रश्नपत्र सेट के पालीवार सुरक्षित रख-रखाव के लिए स्ट्रांग रूम में अलग-अलग चार अलमारी की व्यवस्था होगी। इनमें प्रथम व द्वितीय पाली के मुख्य प्रश्नपत्र सेट को अलग-अलग तिथिवार रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: घर में अकेली थी महिला, पुलिसकर्मियों पर ताला तोड़कर घुसने का आरोप, एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता
इसमें अलमारी खोलने, बंद करने का जिक्र लॉग बुक में किया जाएगा। लाॅग बुक केंद्र पर तैनात पुलिस गार्ड की निगरानी में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम में रखी आलमारियों को खोलने, बंद करने की कार्रवाई केंद्र व्यवस्थापक, वाहय केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में ही करना है। कंट्रोल रूम से भी प्रश्न पत्रों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
छह महीने तक रखी जाएगी रिकॉर्डिंग
परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के पहुंचने से तीन दिन पहले से स्ट्रांग रूम स्थापित करना अनिवार्य होगा, जो सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। डीवीआर की रिकॉडिंग क्षमता कम से कम 30 दिन की होनी चाहिए। रिकार्डिंग छह माह तक रखी जाएगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर परिषद को उपलब्ध कराना होगा। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए नाइटविजन कैमरे होने चाहिएं।
जिले में प्रश्न पत्र पहुंचना शुरू हो गए हैं और इन्हें स्ट्रॉग रूम में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखवाया गया है। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी सौंपी गई है। -राघवेंद्र सिंह, डीआईओएस