बागपत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने मेरठ मार्ग स्थित अस्पताल, होटल और शोरूम संचालकों को नक्शा पास न कराने पर नोटिस जारी किए हैं। इसके विरोध में व्यापारियों ने जिलाधिकारी अस्मिता लाल को ज्ञापन सौंपकर पुरानी दुकानों को राहत देने की मांग की है। प्राधिकरण ने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की चेतावनी दी है, जिससे व्यापारियों में रोष है।
व्यापारी मनोज वर्मा, एडवोकेट अचिन गर्ग ने बताया कि विकास प्राधिकरण के सचिव विनीत उपाध्याय ने शहर के मेरठ मार्ग स्थित कोब काॅटन, कृष्णा हॉस्पिटल, अंग्रेजी शराब के ठेके, स्वर्ण पैलेस, न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर, पेपर्स पिज्जा, नैन हॉस्पिटल, सनी गारमेंट्स, जर्मन एग्रो, मकूंस, स्नैक्स हट आदि को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा कि मानचित्र की स्वीकृति नहीं ली जाती है तो एक सप्ताह बाद उनको सील करने, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि इन नोटिस में 20 से 25 वर्ष पुरानी दुकान, होटल व शोरूम को शामिल किया गया है। इससे व्यापारियों में रोष बना हुआ है। उन्होंने डीएम से मांग करते हुए कहा कि विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही व्यापारियों ने यह भी प्रस्ताव रखा कि यदि कोई कमी है तो वे राजस्व जमा करने को तैयार हैं, लेकिन ध्वस्तीकरण व सील करने की कार्रवाई न की जाए। इस दौरान डॉ. वीबी नैन, राममेहर, सन्नी सेठी आदि मौजूद रहे।