रमाला (बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव में आत्महत्या करने वाली युवती को न्याय दिलाने के लिए कश्यप समाज के लोगों ने पंचायत की। इसमें पीड़िता को न्याय मिलने के बाद ही उसकी अस्थियों का विसर्जन और तेरहवीं करने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं न बताया कि दो सप्ताह पहले युवती के साथ समुदाय विशेष के व्यक्ति ने घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की थी। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को बिना कार्रवाई किए ही छोड़ दिया। इससे क्षुब्ध पीड़िता ने विषाक्त पदार्थ निगल लिया। 18 मई को मेरठ के अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। वक्ताओं ने मृतका के पिता को गांव में जमीन का पट्टा, आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई और परिवार के एक सदस्य को नौकरी सहित अन्य मांगे रखी। जल्द ही कलक्ट्रेट में धरना देने की बात कही गई। इस दौरान ओमपाल कश्यप, विकास कश्यप, वीरपाल कश्यप, रामकुमार कश्यप, बिजेपाल, जयवीर, ओमपाल, राधेश्याम, सुधीर, नरेश, रणबीर कश्यप आदि मौजूद रहे।

इब्राहिमपुर माजरा गांव में अस्थियां लेकर प्रदर्शन करते कश्यप समाज के लोग- फोटो : BAGHPAT