गजब व्यवस्था: ढाई साल तक धूल फांकते रहे लोग, मंत्री आए तो पांच घंटे में बन गई 15 किमी सड़क
एक्सप्रेस-वे से खजूरी पुश्ते तक 15 किमी हिस्से को बनवाने के लिए लोग ढ़ाई साल तक धक्के खाते रहे। घंटो जाम लगे रहने के बावजूद अधिकारियों ने लोगों की मांग पर सड़क नहीं बनवाई, शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आने की सूचना मिली तो मात्र पांच घंटे के भीतर ही सड़क बनकर तैयार हो गई।
विस्तार
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के एक्सप्रेस-वे से खजूरी पुश्ते तक 15 किमी हिस्से को बनवाने के लिए लोग ढ़ाई साल तक धक्के खाते रहे। वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहते, लेकिन किसी ने कोई सुध नहीं ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के गुरुवार को बागपत आने की सूचना हुई तो पांच घंटे में सड़क बना दी गई।
बागपत के अलावा आसपास के कई अन्य जिलों के लोग दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे से नौकरी व कारोबार करने के लिए दिल्ली जाते हैं। इस तरह करीब 30 हजार वाहन रोजाना नेशनल हाईवे से गुजरते है। लेकिन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से लोनी के खजूरी पुश्ते तक करीब 15 किमी की सड़क पूरी तरह से टूटी हुई थी। इस कारण रोजाना शाम को डेढ़ से तीन घंटे तक का जाम भी लगने से लोगों की परेशानी बढ़ जाती थी।
यह भी पढ़ें: Baghpat: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- 2024 में यहां भी होंगी अमेरिका जैसी सड़कें, चलेगी ड्रोन टैक्सी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को गुरुवार को एलिवेटिड रोड निर्माण कंपनी के यार्ड व इकनोमिक कॉरिडोर का निरीक्षण करने के लिए आना है। मंत्री को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, उससे पहले ही मंगलवार रात को करीब पांच घंटे में सड़क बना दी गई। दिल्ली रोजाना जाने वाले लोग भी रात को जब वापस लौटे तो सड़क टूटी हुई थी और जब बुधवार सुबह को दिल्ली गए तो सड़क पूरी तरह से चकाचक मिली।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: बिजनौर में व्यापारी को फांसी पर लटकाया फिर जलाया शव, मेरठ में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
नेशनल हाईवे पूरी तरह से टूटा हुआ था और एलिवेटिड रोड का निर्माण व एनएचएआई के अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद भी उसे ठीक नहीं किया जा रहा था। अब मंत्री के यहां आने का पता चला है तो सड़क भी रातभर में बना दी गई है। मंत्री पहले आ जाते थे यह सडक़ पहले ही ठीक हो जाती। रविंद्र कुमार, एनबीसीसी कालोनी
यहां से काफी लोग दिल्ली, गाजियाबाद नौकरी करते है। सड़क खराब होने के कारण रोजाना खेकड़ा से लोनी का सफर करने में काफी परेशानी होती थी। इस समस्या को कई बार उठाया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब अचानक रात में सड़क बन गई। -सुखराम सिंह, हसनपुर मसूरी