मुकुल शर्मा बने आश्रम के टॉपर
बागपत, बालैनी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत परिषद की ओर से रविवार को बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था। सर्वोदय संस्कृत आश्रम बालैनी में 135 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। परीक्षा में नौवीं कक्षा के मुकुल शर्मा ने सबसे अधिक 80.42 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आश्रम में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सर्वोदय संस्कृत आश्रम के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने बताया की आश्रम के कक्षा नौवीं से 12वीं तक के 135 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इनमें से 133 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि दो छात्रों का परीक्षा परिणाम अवरुद्ध रहा है। आश्रम के नौवीं के छात्र मुकुल शर्मा ने परीक्षा में 80.42 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आश्रम में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मंगलवार को आश्रम में सभी कक्षाओं में प्रथम स्थान पर रहे छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर अनुज यादव, अंजू शर्मा, रतन सिंह, अजय यादव ,भविष्य कुमार, बिट्टू सिंह, सागर यादव, निशांत, मानसी शर्मा, कृष्ण पांचाल, आकाश, पंकज, निखिल शर्मा मौजूद रहे। संवाद