बागपत में हालात बेकाबू : आज मिले रिकाॅर्ड 214 कोरोना संक्रमित, बाजारों में उमड़ी भीड़, कोविड गाइडलाइन का नहीं किया जा रहा पालन
- सोमवार को 214 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है
- जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 3717 हो गई और 759 केस एक्टिव हो गए हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जिले में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो गया है। सोमवार को 214 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 3717 हो गई और 759 केस एक्टिव हो गए हैं। सोमवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। अब तक जिले में 48 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि जमीनी स्तर पर यह आंकड़ा काफी ज्यादा बताया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि सोमवार को चार पुलिसकर्मियों सहित 214 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। संक्रमित लोगों की गलियों को सील कर आवागमन पर पाबंदी लगा दी है।
सर्विलांस की टीम को कंटेनमेंट जोन व संक्रमित लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सील किए क्षेत्र में आपात स्थिति के आने-जाने पर छूट रहेगी। 214 संक्रमित मिलने पर जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 3717 हो गई और अब 759 केस एक्टिव हो गए हैं।
बाजारों में उमड़ी भीड़, नहीं किया गाइडलाइन का पालन
कोरोना संक्रमण के चलते शनिवार और रविवार दो दिन के कर्फ्यू के बाद सोमवार सुबह खेकड़ा नगर का बाजार खुला। बाजार खुलते ही दुकानों पर सामान की खरीदारी करने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
नगर के बाजार में सुबह से शाम तक भीड़ लगी रही। कुछ लोगों ने कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया। कुछ लोग बिना मास्क लगाए घूमते दिखे। दुकानों पर भी सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कराया गया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी।
संक्रमितों के उपचार के लिए 131 बेड के तीन अस्पताल अधिकृत
कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए जिले के तीन निजी अस्पतालों को अधिकृत किया गया है। डीएम राजकमल यादव ने बताया कि इनमें क्रिस्टल हॉस्पिटल बागपत में 31 बेड, आस्था मल्टीस्पेशियलिस्ट हॉस्पिटल बड़ौत में 50 बेड और मेडिसिटी हॉस्पिटल बड़ौत में 50 बेड हैं।
वहीं कोविड-19 अस्पतालों का निरीक्षण और कोरोना मरीज से दूरभाष के माध्यम से और मौके पर पहुंचकर वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। होम आइसोलेट या अस्पताल में भर्ती मरीजों की कोविड कंट्रोल रूम (0121-2222227) से निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।