पंचायत चुनाव: भाजपा की तरह रालोद ने बूथ स्तर से शुरू की चुनावी तैयारी, ‘एक बूथ-दस यूथ’ कार्यक्रम लॉन्च
भाजपा की तर्ज पर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने भी संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारी को बूथ स्तर से शुरू कर दिया है। पंचायत और विधानसभा चुनाव को देखते हुए रालोद ने ‘एक बूथ, दस यूथ’ कार्यक्रम की शुरुआत की है, जो प्रदेशभर में चलाया जाएगा।
विस्तार
पंचायत चुनाव समन्वय समिति के साथ पिछले सप्ताह ही रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने बैठक करके आगामी चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर तैयारी करने की रणनीति बनाई। आगामी पंचायत व विधानसभा चुनाव को देखते हुए रालोद ने ज्यादा फोकस युवा व महिलाओं पर किया है। इनके सहारे संगठन को मजबूत किया जाएगा। युवाओं व महिलाओं से जुड़े मुद्दे ही हर मंच पर उठाए जाएंगे। इनमें खेल, कौशल विकास, नौकरी, महिला रोजगार शामिल रहेंगे।
पंचायत चुनाव समन्वय समिति के प्रदेश संयोजक डॉ. कुलदीप उज्ज्वल के अनुसार एक बूथ, दस यूथ कार्यक्रम के साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों के लिए जल्द ही सभी जिलों में बैठक की जाएगी। इस बार रालोद ने चुनाव से काफी पहले ही संगठनात्मक मजबूती पर कार्य शुरू कर दिया है। पंचायत चुनाव की तैयारियों का बड़ा फायदा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भी रालोद लेना चाहता है। इसको देखते हुए ही तैयारियां चल रही हैं।
अब अकेले नहीं, भाजपा संग मिलकर लड़ेंगे पंचायत चुनाव
रालोद कुछ समय पहले तक पंचायत चुनाव अकेले लड़ने की बात कह रहा था, मगर अब उसने यह फैसला बदल दिया है। रालोद पंचायत चुनाव को भाजपा के साथ मिलकर लड़ना चाहता है। इसका बड़ा कारण यह है कि दोनों के प्रत्याशी अलग-अलग उतरने पर विपक्षियों को फायदा हो सकता है और रालोद व भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए दिल्ली में हुई बैठक में इसको लेकर भी विचार हुआ है।
घर बैठने वाले नहीं, कार्य देखकर तय होंगे प्रत्याशी
प्रदेश संयोजक डॉ. कुलदीप उज्ज्वल के अनुसार दिल्ली में बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह जरूर साफ कर दिया कि घर बैठने वाले प्रत्याशी नहीं बनाए जाएंगे। रालोद के लिए जमीन पर कार्य करने वालों को प्राथमिकता मिलेगी। कार्य देखकर प्रत्याशी तय किए जाएंगे। ऐसे नेताओं में युवाओं व महिलाओं को प्राथमिकता पर रखा जाएगा।