Baghpat News: लाइटें महीनों से खराब, मोहल्लों और गलियों में अंधेरा
निकाय चुनाव की सरगर्मी शुरू होने के साथ ही नगर पालिकाओं और पंचायतों की समस्याएं भी उठने लगी हैं। यहां सभी जगह स्ट्रीट लाइटें खराब होने की समस्या है, जिससे मोहल्लों और गलियों में अंधेरा छाया रहता है। जिन जगहों पर एक करोड़ से ज्यादा रुपये खर्च करके लाइटों को लगाया गया था, वहां भी लाइटें एक साल से ज्यादा नहीं जल सकीं।
बागपत में 250 लाइटें खराब, सोलर लाइट हो चुकीं चोरी
बागपत में सिसाना रोड, कोर्ट रोड, ठाकुरद्वारा, देशराज मोहल्ला, यमुना रोड, चमरावल रोड, पांडव रोड पर अंधेरा छाया रहता है। इन जगहों पर करीब 250 लाइटें कई महीने से खराब पड़ी हुई हैं और लोग शिकायत लेकर लगातार नगर पालिका में पहुंचते रहते हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इसके अलावा बागपत में कई जगह से सोलर लाइट और उनका सामान भी चोरी हो गया है।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar News: विद्युत विभाग के गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों रुपये का नुकसान
बड़ौत में एक साल में खराब हो गईं लाइटें, सड़कों पर अंधेरा
बड़ौत में करीब डेढ़ साल पहले सोलर लाइटें लगवाई गईं थीं, लेकिन वह एक साल भी नहीं चल सकी। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटें भी काफी जगह खराब पड़ी हुई हैं और वहां करीब 350 लाइटें खराब हैं। ऐसे में आजाद नगर काॅलोनी, सराय रोड, कोताना रोड, छपरौली रोड समेत कई जगहों पर अंधेरा रहता है। लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं और उसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
खेकड़ा में कई महीने से स्ट्रीट लाइट खराब
खेकड़ा में कई महीने से स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण गलियों में अंधेरा छाया रहता है। कृष्णा नगर निवासी अतुल रुहेला का कहना है कि पिछले कई माह से लाइटें खराब पड़ीं हैं। उन्होंने कई बार नगर पालिका कर्मचारियों से खराब पड़ीं लाइटों को ठीक कराए जाने की मांग की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नेहरू नगर निवासी प्रवीण वर्मा का कहना है कि उनके वार्ड में चौपाल के पास स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। लाइटों को ठीक नहीं कराया जा रहा है।
नगर पंचायतों में भी स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या
अमीनगर सराय में बाजार और लक्कड़ बाजार में फव्वारा चौक पर रखे ट्रांसफार्मर में आये दिन फाल्ट हो जाता है। जिसका असर स्ट्रीट लाइटों पर भी पड़ता है और वह भी खराब हो जाती हैं। रटौल के अंबेडकरनगर में स्ट्रीट लाइट ही नहीं लगी है, जिससे गलियों में अंधेरा छाया रहता है। टीकरी के मुख्य बाजार में लगी स्ट्रीट लाइटें खराब है। लोगों के अनुसार वहां बाजार में रात में अंधेरा रहता है। लोगों को परेशानी हो रही है।
समस्या का समाधान किया जाए
बागपत में कोर्ट रोड पर रहने वाले अशोक बंधु का कहना है कि स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण क्षेत्र में अंधेरा रहता है। यहां लाइट ठीक रहे तो रात में अंधेरे की समस्या दूर हो जाएगी। पांडव रोड के रहने वाले डाॅ. महावीर के अनुसार स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण अंधेरा रहता है। लाइटों को खराब होने के काफी दिन बाद भी ठीक नहीं कराया जाता, जिससे समस्या होती है।
कई महीने से खराब पड़ी लाइटें
बड़ौत में आजाद नगर के रहने वाले अंकुर मुनखिया के अनुसार एक माह से लाइटें खराब पड़ी हुई है, जिसकी कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कॉलोनी की रहने वाली सपना शर्मा ने बताया कि काॅलोनी की गली नंबर नौ में दो माह से लाइट खराब है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

बागपत के देशराज मोहल्ले में घर के पास झूल रही विद्युत तार दिखाता युवक जुनैद खान