Baghpat: खेत में काम कर रहे दो दोस्तों पर आकाशीय बिजली गिरी, एक की मौत, पांच बहनों का था इकलौता भाई
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
बागपत जनपद में यमुना किनारे खेत में काम कर रहे दो दोस्तों पर शनिवार दोपहर बिजली गिर गई। इस दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
मोहल्ला देशराज का रहने वाला अलबख्श (20) लकड़ी की प्लाई से घरेलू सामान बनाने का कार्य करता था, जबकि नई बस्ती का रहने वाला फुरकान राजमिस्त्री है। बताया कि शनिवार दोपहर अलबख्श और फुरकान यमुना किनारे खेत में काम करने के लिए गए थे। तभी तेज बारिश होने पर बचने के लिए एक झोपड़ी में घुस गए। दोपहर करीब डेढ़ बजे आसमान से तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली अलबख्श और फुरकान के ऊपर गिर गई।
इसमें अलबख्श की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फुरकान गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास खेत में काम करने वाले किसान मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने अलबख्श को मृत घोषित कर दिया। वहीं फुरकान का उपचार किया गया। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें : गौरक्षक आसिफ हत्याकांड: गोकशी के खिलाफ आंदोलन चलाने पर की थी बड़े भाई की हत्या, अब छोटे भाई को भी मारी गोली
पांच भाई बहनों की जिम्मेदारी उठा रहा था अलबख्श
देशराज मोहल्ले का रहने वाला अलबख्श अविवाहित था, जो प्लाई की ठेकेदारी कर अपने माता-पिता और पांच भाई-बहन की जिम्मेदारी उठा रहा था। परिवार के ही यूनुस ने बताया कि अलबख्श का पिता इकबाल काफी समय से बीमार चल रहा है।
अलबख्श छह भाई बहनों में तीसरे नंबर का था, जो अपनी दो बड़ी बहनों की शादी की तैयारी में जुटा था, लेकिन उसकी मौत होने से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया। पड़ोसियों ने बताया कि अलबख्श घर का अकेला कमाने वाला था, जबकि उसका भाई परिवार में सबसे छोटा है।
परिवार को चार लाख मुआवजा देने की घोषणा
अलबख्श की मौत होने पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने संज्ञान लिया। इसके बाद मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली से झुलसे फुरकान के उपचार के लिए व्यवस्था कराई गई।
बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर फुंका
यमुना किनारे खेत में काम कर रहे दो दोस्तों पर बिजली गिरने से बिजली उपकरणों में भी फाल्ट हुआ। 200 मीटर दूर मल्लहान मोहल्ले में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया, जिससे घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई घंटे बाद भी ट्रांसफार्मर ठीक नहीं कराया जा सका, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।