मनचले को युवती ने सिखाया सबक
नगर के एक मोहल्ले की युवती के साथ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के कुछ युवक आए दिन छेड़छाड़ करते थे। बार-बार युवती के मना करने के बाद भी आरोपी युवक अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे थे। सूत्रों के अनुसार कई बार युवती ने आरोपी युवकों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन युवक हरकतों से बाज नहीं आए। युवती ने यह बात परिजनों को भी बताई।
सूत्रों के अनुसार परिजनों की सलाह पर युवती ने किसी तरह आरोपी युवकों को एक मोहल्ले में बुलाया। मोहल्ले में आते ही युवती ने परिजनों के साथ मिलकर आरोपियों की धुनाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मोहल्ले के लोगों ने भी पकड़कर उनकी जमकर धुनाई की और उठक बैठकभी लगवाई। बाद में कान पकड़कर उन्होंने माफी मांगी, तब जाकर उन्हें छोड़ा। यह मामला कई दिन से मोहल्ले में चर्चा का विषय बना है, लेकिन मामला पुलिस में नहीं पहुंचा। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने कहा अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।