बड़ौत। कोताना रोड पर शनिवार को जिला क्रिकेट एसोसिएशन बागपत के तत्वावधान में अंडर-14 आयु वर्ग की जूनियर जिला क्रिकेट लीग का शुभारंभ हुआ। पहले दिन गेटवे क्रिकेट एकेडमी और देवास क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच हुआ। जिसमें गेटवे क्रिकेट एकेडमी की टीम विजयी रही।
आयोजित लीग का उद्घाटन एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं रालोद नेता विश्वास चौधरी और कोच सुधीर आर्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। लीग का पहला मुकाबला देवास क्रिकेट एकेडमी व गेटवे क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवास क्रिकेट एकेडमी ने 50 रन का स्कोर बनाया। जिसमें मोइन खान ने 14 रनों का योगदान दिया। गेटवे की ओर से गेंदबाजी करते हुए वरुण ने तीन, अरबाज, असद और संयम ने दो-दो और लक्ष्य ने एक विकेट प्राप्त किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गेटवे क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जिसमें रिहान ने 13 रन का योगदान दिया। देवास क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए युवांशु यादव ने तीन, अभयवीर ने दो और देव ने एक विकेट प्राप्त किया। मैच का श्रेष्ठ फील्डर प्रियांशु, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज युवांशु, श्रेष्ठ बल्लेबाज मोइन खान और मैन ऑफ द मैच वरुण को चुना गया। मैच में एंपायर की भूमिका अरुण राजपूत और गौरव ने निभाई। इस अवसर पर रविन्द्र, शानू, तरुण, निखिल और शाहबाज उपस्थित रहे।