रटौल। पांची गांव मे बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। 50 से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में हैं। बुखार के साथ ही जोड़ों का दर्द व बच्चों में डायरिया से परेशानी बढ़ रहीं है। लोगों का आरोप है कि तालाब ओवरफ्लो होने के कारण जलभराव में मच्छर पनपने से बीमारी फैल रही है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगाकर दवाई वितरित कराने की मांग की। पांची गांव में अधिकतर घरों में लोग बुखार की चपेट में हैं। कई परिवारों के सभी सदस्य बीमार हैं। इनमेें मिस्बा, मोहम्मद अली, फायजा, तस्मिया, सायदा, आबिद, आतिफा, फवी, इकरा, गजराज, विकास, इशना, मोहम्मद शाद, सोफियान, जुनैद, कमरजहां, शमां, खुशी, शेर सिंह, बाला, अहमद, अब्दुल्ला, शहजादा, मोहम्मद सहित 50 से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित है। गांव के कल्लू, मुस्तकीम, इसरार, जुल्फिकार आदि ने बताया की गांव में तालाब ओवरफ्लो हो गया है और उसमें गंदगी का अंबार है। इससे गलियों में भी पानी भरा पड़ा है और वहां मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियां फैल रही है। गांव में सफाई व स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की गई। इसके अलावा बताया कि गांव मे आरोग्य मंदिर बना हुआ है। जहां कोई स्वास्थ्य कर्मी तैनात नहीं है। ग्रामीणों को उपचार के लिए अन्य जगहों पर जाना पड़ता है। वहां स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती की मांग भी की गई।