संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि नलकूपों पर मीटर एवं महंगी बिजली की मार किसान नहीं झेल पाएगा। उन्होंने सरकार से किसानों के गन्ना बकाए का भुगतान कराने और बिजली के दाम कम करने की मांग की।
भाकियू नेता राजेंद्र चौधरी के आवास पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। किसान संगठनों से वार्ता कर सरकार को समस्या का समाधान कराना चाहिए। किसान नलकूपों पर मीटर लगाए जाने का भार नहीं झेल पाएगा, नलकूप पर फिक्स चार्ज कर लिया जाएं। किसान को मुफ्त नहीं सही दाम पर बिजली दी जाएं। बताया कि हरियाणा में गन्ने का मूल्य 362 रुपये प्रति क्विंटल जबकि यूपी में 350 का दाम मिल रहा है। हरियाणा में बिजली सस्ती और यूपी में बिजली महंगी खरीदकर किसानों को खेती करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस मौके पर राजेंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र राठी, बिजेंद्र प्रधान मौजूद रहे।