बागपत। भाजपा विधायक योगेश धामा ने सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर बागपत विधानसभा क्षेत्र में कराए विकास कार्यों का ब्योरा रखा। उन्होंने क्षेत्र में 386 करोड़ के विकास कार्य कराए जाने का दावा किया तो करीब 100 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित होने की जानकारी दी। उन्हें चुनाव से पहले कराए जाने का आश्वासन दिया।
बड़ौत रोड स्थित कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक योगेश धामा ने कहा कि बागपत विधानसभा क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये से 215 किमी सडक़ों का निर्माण कराया गया। 52 करोड़ रुपये से जिला पंचायत से विकास कार्य कराए। गढ़ी कलंजरी में पुल निर्माण, बालैनी में पुल, गन्ना विभाग से सडक़ों का निर्माण, खट्टा प्रह्लादपुर में आईटीआई का निर्माण, पाबला में राजकीय डिग्री कॉलेज का निर्माण, बिलौचपुरा व हरसिया में विद्युत उपकेंद्र निर्माण, सिंघावली अहीर में इंटर कॉलेज आदि का निर्माण कराया। इनके अतिरिक्त टंकी निर्माण व टंकी की फिटिंग कराई गई। जिससे गांवों में पेयजल मुहैया हो सके। विधायक योगेश धामा ने कहा कि विकास कार्य कराए जाने का सिलसिला जारी है। चुनाव से पहले काफी कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान राजीव दांगी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।