Baghpat: कोहरे की चादर में लिपटा ईस्टर्न पेरिफेरल, रेंगते रहे वाहन, ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहे लोग
बागपत के रटौल क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। कई वाहन चालक सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर कोहरा छंटने का इंतजार करते नजर आए।
विस्तार
सर्दी का मौसम शुरू होते ही कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बागपत जनपद के रटौल में शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण वाहन रेंगते नजर आए। दृश्यता कम होने से कई वाहन चालकों ने सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर कोहरा छंटने का इंतजार किया।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather: 244 शहरों में मेरठ चौथे नंबर का प्रदूषित शहर, सुबह-शाम स्मॉग, जहरीली हवा में सांस लेना दूभर
नौकरीपेशा लोगों को सबसे अधिक दिक्कत
कोहरे के चलते रोजाना दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के शहरों में आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाइक सवारों को मजबूरी में लाइट जलाकर सफर करना पड़ा, ताकि हादसों से बचा जा सके।
कोहरे में स्कूल जाते दिखे बच्चे
सुबह के समय छोटे बच्चे भी कोहरे के बीच स्कूल जाते दिखाई दिए, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। सड़क पर दृश्यता बेहद कम होने से दुर्घटना की आशंका बनी रही।
किसानों के लिए वरदान बना कोहरा
जहां एक ओर कोहरा आम लोगों के लिए परेशानी बना, वहीं किसानों ने इसे गेहूं की फसल के लिए लाभदायक बताया। किसानों का कहना है कि कोहरे से खेतों में नमी बनी रहती है, जिससे फसल की बढ़वार बेहतर होती है।