प्रधानाध्यापक की गोलियों से भूनकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिंघावली अहीर गांव के सतपाल शर्मा खिंदौड़ा गांव के आदर्श प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे। वे प्रतिदिन की तरह शनिवार को सुबह के समय भी अपने घर से स्कूल में पहुंचे। मध्याह्न भोजन के समय वे स्कूल के बरामदे में बैठे थे। तभी उनके पास दो बदमाश आकर बैठ गए। उन्होंने बच्चों से बदमाशों को पानी पिलवाया। इसके बाद बदमाशों ने प्रधानाध्यापक पर फायर झोंक दिया। एक गोली लगने पर वे स्कूल के टीचर दीपक का नाम लेते हुए दौड़े। बदमाशों ने पीछा कर करीब 50 कदम दूरी पर ही प्रधानाध्यापक को दो ओर गोली मार दी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हत्या करने के बाद बदमाश अलग-अलग रास्तों से भागने लगे। लोगों ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया और उसको पीट-पीट कर मौत के घाट उतार डाला। जबकि एक बदमाश खेत के रास्ते और दूसरा बाइक से फरार हो गया। मृतक बदमाश की शनाख्त दोघट क्षेत्र के गांव निरपुड़ा निवासी सोनू उर्फ शिशुपाल उर्फ अमरीकन के रूप में हुई है। प्रधानाध्यापक की हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर डीएम हृदय शंकर तिवारी और एसपी रवि शंकर छवि पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के पहुंचते ही लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस को आड़े हाथों लिया। परिजनों ने कहा आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। 26 मार्च 2016 को आरोपियों ने उनके मकान पर फायर किया। शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। परिजन सिंघावली अहीर थाना प्रभारी से तो उलझ गए। उनकी वर्दी तक फाड़ने का प्रयास किया।
पौने दो साल पूर्व हो चुकी बेटे की हत्या
बागपत। प्रधानाध्यापक सतपाल शर्मा के बेटे सतीश शर्मा की 4 जुलाई 2014 को खेत में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। पुलिस ने केवल दो आरोपियों को ही जेल भेजा था। सतपाल केस के गवाह थे और वे केस की पैरवी कर रहे थे।