महिला थाने में तलाक देते ही संघर्ष
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छपरौली क्षेत्र के गांव नंगला निवासी यासीन की बेटी शबनम और शबाना का निकाह करीब आठ साल पहले बड़ौत की पट्टी चौधरान निवासी सगे भाई शहजाद और जुबैर के साथ हुआ था। दंपति के बीच काफी दिन से तकरार चल रही थी। शबाना के अनुसार ससुराल वाले दहेज के लिए दोनों बहनों को प्रताड़ित करते थे। पुलिस तक मामला पहुंचा तो बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों को समझौते के लिए महिला थाने बुलाया । दोनों पक्षों में बातचीत शुरू हुई तो गरमा - गरमी बढ़ गई। एकाएक दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों को तलाक दे दिया। इस पर दोनों पक्ष भिड़ गए।
शबाना का आरोप है कि उसके ससुराल वाले दो गाड़ियों में अपने साथ अन्य लोगों के साथ पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। उनकी तमंचों की बटों से बुरी तरह से पिटाई की। उसको जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले जाने का प्रयास भी किया। इस हमले में शबाना, आसमीन, भाई तैयब, शौकत के अलावा इमरान, जहीर हसन घायल हो गए। उधर, शौहर पक्ष के बड़ौत निवासी महमूद ने कहा उनकी पुत्रवधू घर में झगड़ा रखती थी। आए दिन तलाक की मांग करती थी। पुलिस वालों के कहने पर महिला थाने में आए थे। थाने में विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया। उसका कहना है कि उनके दोनों बेटों ने अपनी पत्नियों को तलाक दे दिया है। उन पर हमला किया।
इसमें वह स्वयं, नाजमा, यासमीन, शहजाद और नाजिम घायल हो गए। अन्य लोगों को भी मामूली चोटें लगी हैं। उधर, थाने में दोनों पक्षों में संघर्ष होने की सूचना कंट्रोल रूम में दी गई, इस पर कोतवाली से पुलिस पहुंची। पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष आपस में उलझते रहे। दूसरी तरफ पीड़ित शबनम की तहरीर पर चार भाई शहजाद, जुबैर, नाजिम, महतूब, उनके पिता महमूद, रियाजूद्दीन समेत कई अज्ञात के खिलाफ (धारा 147, 323 व 506 आईपीसी) रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। उधर, कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जा रहे हैं।
महिला सिपाहियों के हाथ-पैर फूल गए
बागपत। महिला थाने में दो पक्ष भिड़े तो थाने में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। झगड़े के वक्त महिला थाना प्रभारी यहां मौजूद नहीं थी। मामला बढ़ता देखकर महिला पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने कोतवाली से महिला थाने में पुलिस बल को भेजा।
पुलिस के सामने ही भाग गए हमलावर
बागपत। महिला थाने में संघर्ष के बाद हमलावर पुलिस के सामने ही भागने में कामयाब हो गए। जैसे ही थाने में कोतवाली से पुलिस पहुंची तो कई हमलावर थाने के पास के खेतों में कूदकर भाग गए। पुलिसकर्मियों ने पीछा भी किया, लेकिन भाग रहे हमलावर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। इस पर हमलावरों का पीछा कर रही पुलिस वापस थाने लौटी और यहां मौजूद अन्य लोगों को हिरासत में लिया।
संघर्ष के वक्त जाम खुलवा रही थी
महिला थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह का कहना है कि झगड़ा थाने में नहीं गेट पर हुआ है। वह उस समय थाने के बजाए अमीनगर सराय मोड़ पर जाम खुलवाने के लिए गई हुई थी।
दंपति के बीच पुराना विवाद है। दोनों पक्ष समझौते के लिए बुलाए थे। झगड़ा करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।- अजय शंकर राय, एसपी बागपत।