एमपी: शहडोल टोल प्लाजा पर फास्टैग के लिए विवाद, पिस्टल दिखाकर टोल कर्मियों को धमकाया; आरोपी पर एफआईआर
शहडोल के धुरवार टोल प्लाजा पर फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने पर विवाद हो गया। आरोप है कि थार चालक दिग्विजय सिंह उर्फ ऋषि ने टोल कर्मियों को पिस्टल दिखाकर धमकाया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए पत्राचार करने की बात कही।
विस्तार
शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र के धुरवार स्थित एनएच-43 टोल प्लाजा पर फास्टैग रिचार्ज को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। टोल कर्मी राजकुमार यादव की शिकायत पर पुलिस ने दिग्विजय सिंह उर्फ ऋषि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने पर टोल शुल्क मांगने से नाराज वाहन चालक ने टोल कर्मियों को पिस्टल दिखाकर धमकाया और गाली-गलौज की। घटना का वीडियो भी सामने आया था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे बुढ़ार की ओर से आ रही थार गाड़ी धुरवार टोल प्लाजा पहुंची थी। फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने पर टोल कर्मियों ने वाहन चालक से टोल शुल्क जमा करने या फास्टैग रिचार्ज कराने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक ने पिस्टल निकालकर टोल कर्मियों को धमकाया। इससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
पढ़ें: एमपी: बुधनी में क्यों भड़के शिवराज सिंह चौहान? आदिवासियों के घर टूटने पर अपनी ही सरकार से नाराज, जानें मामला
लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद टोल कर्मी राजकुमार यादव ने सोहागपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद हथियार दिखाकर धमकाने के मामले में कार्रवाई की मांग उठ रही थी।
हथियार का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए होगा पत्राचार
सोहागपुर थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि फरियादी राजकुमार यादव की शिकायत पर दिग्विजय सिंह उर्फ ऋषि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिस्टल का लाइसेंस सुरक्षा के लिए होता है, न कि लोगों में डर और भय फैलाने के लिए। पुलिस संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर हथियार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की मांग करेगी। अब मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई के साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया पर भी नजर रहेगी।
