बड़ौत। इदरीशपुर-बड़का मार्ग के जंगल में सोमवार की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से तार चोरी करने वाले गिरोह का 25 हजार का इनामी आमिर निवासी सलेमाबाद रोशनपुर थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद घायल हो गया।
पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की है। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। कोताना मार्ग पर स्थित बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने फरवरी में बिजलीघर से 1700 मीटर तार चोरी और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने अप्रैल माह में शिकोहपुर गांव के जंगल में मुठभेड़ के दौरान शहजाद निवासी अमन काॅलोनी इस्लामनगर गाजियाबाद, जाहिद निवासी गोकलपुर मेरठ व मूल निवासी गौसपुर, दिलशाद उर्फ मोनू निवासी हुसैनपुर जिला गाजियाबाद, आस मोहम्मद उर्फ कल्लू निवासी शाहजहांपुर दोघट को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से दिल्ली से चाेरी बाइक, 35 किलो तार, दो तमंचे, कारतूस बरामद किए गए थे, जबकि मुख्य आरोपी आमिर निवासी सलेमाबाद रोशनपुर थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद फरार चल रहा था। इस पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार की रात पुलिस ने इदरीशपुर-बड़का मार्ग के जंगल में बदमाश आमिर की घेराबंदी की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। सीओ विजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर गाजियाबाद, सिंघावली अहीर, बिनौली, बड़ौत समेत अन्य थानाें में 12 मुकदमे दर्ज हैं। उसे उपचार कराने के बाद कोर्ट में पेश करके जेल भेजा दिया गया।