Sanjeev Jeeva Murder: कुख्यात जीवा की हत्या को लेकर तलाशा जा रहा ये कनेक्शन, सामने आया बड़ा नाम
Sanjeev Jeeva Murder Case : कुख्यात संजीव जीवा की हत्या को लेकर ये कनेक्शन तलाशा जा रहा है। वहीं, वारदात को लेकर यह बड़ा नाम भी सामने आ रहा है।
विस्तार
लखनऊ न्यायालय में कुख्यात संजीव जीवा की हत्या में सुनील राठी कनेक्शन भी तलाशा जा रहा है और इस पहलू पर भी जांच करने की बात सामने आई है। क्योंकि संजीव जीवा के साथी मुन्ना बजरंगी की हत्या बागपत जेल में हुई थी और उसमें सुनील राठी को ही मुख्य आरोपी बनाया गया था। इस कारण ही इनके अपराधों का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
बसपा से विधायक रहे लोकेश दीक्षित से रंगदारी मांगने के मामले में वर्ष 2018 में माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी को बागपत जेल में लाया गया था। जहां मुन्ना बजरंगी की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें टीकरी के रहने वाले कुख्यात सुनील राठी पर हत्या करने के आरोप लगाये गये थे।
इस मुन्ना बजरंगी हत्याकांड की जांच सीबीआई कर रही है और इसमें जेल अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई थी। अब लखनऊ न्यायालय में मुन्ना बजरंगी के करीबी रहे माफिया संजीव जीवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसमें अभी तक पुलिस हत्या कराने वाले बड़े अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन पुलिस इसका कनेक्शन कुख्यात सुनील राठी से भी जोड़कर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Shamli: कड़ी सुरक्षा में संजीव जीवा का अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि, नहीं पहुंची पत्नी, देखिए तस्वीरें
क्योंकि मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद से सुनील राठी और संजीव जीवा के बीच दुश्मनी शुरू हो गई थी। जिसके आधार पर लखनऊ पुलिस ने बागपत पुलिस से सुनील राठी और संजीव जीवा के बीच कनेक्शन की जानकारी भी मांगी। सुनील राठी फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है, जिसे मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद यहां से तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया गया था।
यह भी पढ़ें: Sanjeev Jeeva: जीवा ने दवा बांटते-बांटते दिए घाव, साथी का अपहरण कर जुर्म की दुनिया में रखा कदम
एसपी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि इस बारे में उच्च स्तर से जांच हो रही है। यहां से कोई जानकारी मांगी जाती है तो वह उपलब्ध करा दी जाएगी।