बागपत: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तीन दुकानों में भीषण आग, कई लोगों ने भागकर बचाई जान, लाखों का नुकसान
- कई लोगों ने भागकर बचाई जान, खाली हुए आसपास के मकान और दुकानें
- चाट वाले के पास रखे गैस सिलिंडर में आग लगने से हुआ हादसा, दो बाइकें भी जलीं
- दमकल विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग, मुआवजे की मांग
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बागपत में बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सोमवार को गैस सिलिंडर में आग लगने से तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
आग में घिरे कई युवाओं ने कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर करीब आधा घंटे बाद पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी का पानी भी खत्म हो गया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। तब तक दुकान के अंदर रखे सामान सहित बाहर खड़ी दो बाइक पूरी तरह जल गई। कुछ लोग आग बुझाने के प्रयास में झुलस भी गए। इस दौरान लोगों ने पीड़ित दुकानदारों व बाइक सवारों के लिए प्रशासन से मुआवजे की मांग की।
राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी पर दिल्ली बस स्टैंड के पास चाट विक्रेता राजवीर की दुकान में गैस सिलिंडर रखा हुआ था। जिसमें सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग बराबर में कर्म सिंह की स्पेयर पाट्र्स और फल विक्रेता मदन कश्यप की दुकान तक पहुंच गई। थोडी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आसपास के दुकानदार शटर गिराकर भाग खड़े हुए। आग के बीच फंसे नगर निवासी विपिन पुत्र ईश्वर व रविंद्र पुत्र सोमपाल निवासी शामली किसी तरह दुकान की छत पर पहुंचे। वहां से कूदकर उन्होंने अपनी जान बचाई। विपिन की स्पलेंडर बाइक जलकर स्वाहा हो गई। वहीं चंद कदम की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े वाहन चालक भी भाग खड़े हुए। सूचना के आधा घंटे बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और तकरीबन एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक तीन दुकानों में रखा सभी सामान आग में जलकर राख हो चुका था।
आधा घंटे देरी से पहुंची गाड़ी, आग बुझाते वक्त खत्म हुआ पानी
आग लगने की सूचना पर एसडीएम दुर्गेश मिश्र व नगरपालिका चेयरमैन अमित राणा भी पहुंचे और दमकल विभाग की गाड़ी बुलाई गई। करीब आधा घंटे में गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए।
इस दौरान दमकल विभाग की लापरवाही भी उजागर हुई। आग बुझाते वक्त अचानक पानी खत्म हो गया। हालांकि दमकलकर्मयों ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस संबंध मे जब एफएसओ अबुल हसन से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
मेहनत की कमाई जलती देख रोते-बिलखते रहे दुकानदार
आग से तीनों दुकानों में रखा लाखों का कीमती सामान जलकर राख हो गया। आग बुझने के बाद जले सामान को देख दुकानदार रोते-बिलखते नजर आए। आग में फल विक्रेता मदन कश्यप को ढाई लाख रुपये, चाट दुकानदार राजवीर को एक लाख रुपये व कर्म सिंह को स्पेयर पाट्र्स जलने से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। जबकि नगर निवासी विपिन पुत्र ईश्वर की 55 हजार की स्पलेंडर बाइक जलकर खाक हो गई। एक अन्य युवक की भी बाइक जली है।
आग का खौफनाक मंजर देख दहशत मे आए लोग
आग का खौफनाक मंजर जिसने देखा वह दहशत में आ गया। देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो यह कोई दुकानों में लगी आग नहीं बल्कि किसी ज्वालामुखी से निकलते शोले हो। आग का भयंकर रूप देख आसपास मौजूद लोगों ने वहां से भागकर जान बचाई।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे हुआ जाम
आग लगने से लोगों में भगदड़ मच गई और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे भी अवरूद्ध हो गया। गनीमत रही कि पास स्थित पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
आग बुझाने के प्रयास में कई लोग झुलसे
दुकानों में आग लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, इस दौरान नगर निवासी दीपक, विपिन सहित अन्य कई लोग झुलस गए। जिन्हें सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
घर में बंद लोगों ने बाहर निकलकर बचाई जान
जिन दुकानों मेें आग लगी थी। उनके आसपास स्थित मकानों में रह रहे लोग भी डर की वजह से अपने घर से बाहर निकल आए।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर
दिल्ली बस स्टैंड के पास स्थित दुकानों में आग लगने की वीडियो लोगों ने बनाई और एक-दूसरे को खूब शेयर की। देर शाम तक यह वीडियो लाखों लोग देख चुके थे।