Baghpat: महिला बिजली कर्मी की चाकू मारकर हत्या, सहकर्मी ने वारदात को दिया अंजाम, गिरफ्तार
बड़ाैत के तिलवाड़ा गांव निवासी समूह सखी शोभा उम्र 36 पत्नी कुलदीप छपरौली बिजलीघर पर बिजली का बिल जमा करने का काम करती थी। गुरुवार शाम को सहकर्मी ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बड़ाैत में छपरौली-तिलवाड़ा मार्ग पर बिजली का बिल जमा करने वाली समूह सखी की सहकर्मी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उधर, घटना की सूचना पर सीओ भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
तिलवाड़ा गांव निवासी समूह सखी शोभा उम्र 36 पत्नी कुलदीप छपरौली बिजलीघर पर बिजली का बिल जमा करने का काम करती थी। गुरुवार देर शाम वह छपरौली ब्लॉक पर स्वयं सहायता समूह की मीटिंग खत्म करने के बाद लूंब गांव निवासी ऊर्जा निगम में टीजी टू सहकर्मी युवक के साथ उसकी बाइक पर बैठकर गांव के लिए निकली थी।
बताया जा रहा है कि जब ये छपरौली-तिलवाड़ा मार्ग पर श्मशान घाट के पास पहुंचे तो बाइक सवार सहकर्मी ने बाइक रोककर महिला पर एक के बाद एक कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर भी हमला बोल दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शोभा के दो लड़की व एक लड़का हैं, जबकि पति कुलदीप हरियाणा की एक फैक्टरी में नौकरी करता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला की हत्या के मामले में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। आरोपी नशे की हालत में है, जिसके चलते कुछ बता नहीं पा रहा है। रुपये के लेनदेन के चलते हत्या होना प्रतीत हो रहा है। पूछताछ के बाद घटना का सही खुलासा हो पाएगा। -अर्पित विजयवर्गीय एसपी