Baghpat: कट की मांग पर आर-पार की तैयारी, 23 जून से अनिश्चितकालीन धरना, ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ जुटेंगे किसान
बागपत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कट की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। 23 जून से एनएचएआई कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा, जिसमें किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ शामिल होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जनपद में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कट की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया गया। इसके तहत 23 जून से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की गई है।
23 जून से शुरू होगा अनिश्चितकालीन धरना
बैठक में किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों और प्रशासनिक स्तर पर समाधान न निकलने को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 23 जून को बागपत के गेस्ट हाउस स्थित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन दिल्ली-एनसीआर के महासचिव प्रदीप धामा ने कहा कि जब तक किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: हिस्ट्रीशीटर के घर चला बुलडोजर, ध्वस्तीकरण कार्रवाई से इलाके में हड़कंप, भारी पुलिस बल तैनात
ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ पहुंचने की अपील
प्रदीप धामा ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ धरनास्थल पर पहुंचें और आंदोलन को मजबूत बनाएं, ताकि किसानों की आवाज प्रभावी ढंग से शासन और प्रशासन तक पहुंच सके।
कट की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहा संघर्ष
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कट की मांग को लेकर क्षेत्र के किसान और ग्रामीण लंबे समय से आंदोलनरत हैं। उनका कहना है कि कट नहीं होने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन और पंचायतें भी आयोजित की जा चुकी हैं।
बैठक में कई किसान नेता रहे मौजूद
बैठक में हिम्मत सिंह, इंद्रपाल सिंह, नीरज दाका, कृष्णपाल सिंह और विनोद चौधरी समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।