Baghpat: रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया ये अफसर, इसलिए मांगी थी 10 हजार की रकम, जानें पूरा मामला
Baghpat News : जिला पंचायत का प्रशासनिक अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया। एंटी करप्शन की टीम ने प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बागपत जनपद के जिवाना गुलियान गांव में विवाह मंडप का नक्शा स्वीकृत करने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी सुभाष तोमर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिवाना गुलियान गांव के रहने वाले गौरव सोलंकी ने बताया कि वह गांव में एक विवाह मंडप का निर्माण करा रहा है। जिसका नक्शा पास कराने के लिए जिला पंचायत में आवेदन किया था। जिला पंचायत में तैनात प्रशासनिक अधिकारी सुभाष तोमर ने नक्शा पास करने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये मांगे। जिसमें 30 हजार रुपये पहले दे चुका है, जबकि 20 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। बार-बार रुपये मांगे जाने पर शनिवार को उसने एंटी करप्शन के कार्यालय में मेरठ जाकर शिकायत की तो इसके लिए टीम गठित की गई।
यह भी पढ़ें: UP: बजट में घोषणा के बावजूद नहीं हुई मुफ्त बिजली, 76 हजार नलकूप किसानों पर 125 करोड़ बकाया
सोमवार को शिकायतकर्ता गौरव जिला पंचायत पहुंचा और प्रशासनिक अधिकारी को दस हजार रुपये की रिश्वत दी। रिश्वत लेते ही एंटी करप्शन की टीम ने प्रशासनिक अधिकारी सुभाष तोमर को गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन की टीम को देखते ही भाग गया एक कर्मी
गौरव ने एंटी करप्शन की टीम से कलक्ट्रेट में तैनात एक कर्मी पर भी रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। जिसमें सोमवार को वह एंटी करप्शन की टीम को लेकर कलक्ट्रेट भी पहुंचा। लेकिन कर्मी ने उन्हें देख लिया और वह भाग गया।
रुपये नहीं देने पर लगवाए जा रहे थे चक्कर
गौरव सोलंकी ने बताया कि नक्शा पास करने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। जिसमें रुपये नहीं देने पर उसे चक्कर लगवाए गए। परेशान होकर उसने तीस हजार रुपये दे दिए, लेकिन उसके बाद भी नक्शा स्वीकृत नही किया गया। अगस्त 2022 से वह लगातार जिला पंचायत के चक्कर लगा रहा है।
पहले भी कई को पकड़ चुकी एंटी करप्शन
जिले में पहले भी एंटी करप्शन की टीम कई बार छापा मार चुकी है। जिसमें कलक्ट्रेट से शस्त्र लिपिक को पकड़ा गया है। बड़ौत तहसील से एक कर्मचारी को पकड़ा गया था तो बागपत ब्लॉक में भी छापा मारा गया था। इस तरह से कई बार यहां कार्रवाई हो चुकी है।
मुझे जबरन रुपये दिए गए
पुलिस गिरफ्त में जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी सुभाष तोमर ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उसने रुपये नहीं लिए थे। उसके हाथ पर रुपये जबरन रखे गए।
यह भी पढ़ें: बसपा को तगड़ा झटका: कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन, मेयर प्रत्याशी को जिताने का लिया संकल्प
जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी को एंटी करप्शन की टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जिसमें रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। - विजय चौधरी, सीओ बागपत