Baghpat: नोएडा की कंपनी के मालिक व मैनेजर के अपहरण में शामिल दोनों सिपाही निलंबित, अब होगी ये बड़ी कार्रवाई
कंपनी के मालिक नूर मोहम्मद और मैनेजर सावेज का अपहरण कर दो करोड़ की फिराैती मांगने के मामले में शामिल दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
विस्तार
नोएडा के सेक्टर 90 से कंपनी के मालिक नूर मोहम्मद और मैनेजर सावेज का अपहरण कर दो करोड़ फिरौती मांगने की घटना में शामिल सिपाही विजय और राहुल को निलंबित कर दिया गया।
वहीं एसपी अर्पित विजयवर्गीय दोनों सिपाहियों की बर्खास्तगी के लिए मुख्यालय को रिपोर्ट भेजेंगे। उधर घटना में शामिल फरार सिपाही राहुल शर्मा समेत अन्य की तलाश में पुलिस लगी है।
बड़ौत की छपरौली चुंगी पर रहने वाले नूर मोहम्मद की नोएडा सेक्टर 90 में कंपनी है। 28 फरवरी की शाम नूर मोहम्मद और उनके मैनेजर सावेज का बदमाशों ने अपहरण कर लिया और दो करोड़ रुपये फिरौती मांग ली।
बागपत पुलिस ने शिवम निवासी लिलोनखेड़ी, रजत निवासी गोगढ़ पिंडौरा जिला शामली, प्रद्युम निवासी बिटावदा और विजय निवासी बरवाला जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर कंपनी मालिक नूर मोहम्मद और सावेज को मुक्त कराया।
घटना में बिजेंद्र मलिक निवासी गौर सिटी नोएडा, अमन निवासी मलकपुर, राहुल शर्मा निवासी एरटी जिला शामली, अजय, अनुज भी शामिल मिले, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बताया कि अपहरणकांड में शामिल विजय रामपुर में तैनात 2020 बैच का सिपाही और राहुल शर्मा कानपुर देहात में तैनात 2019 बैच का सिपाही है। इन दोनों को अपहरण में शामिल होने पर निलंबित कर दिया गया।
अपहरण में शामिल सिपाही विजय और राहुल शर्मा को उनके तैनाती वाले जिलों से निलंबित कर दिया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों सिपाहियों की बर्खास्तगी के लिए रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अर्पित विजयवर्गीय, एसपी