Baghpat: दिन निकलते ही अपराध, दुकान के बाहर बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, प्रधानी चुनाव की रंजिश में हुआ खून
बागपत के बिहारीपुर गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते 60 वर्षीय ऋषिपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वह दुकान के बाहर सफाई कर रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बागपत जनपद में दिन निकलते ही हत्या से सनसनी फैल गई। जिले के बिहारीपुर गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। शनिवार सुबह करीब पांच बजे गांव के ही 60 वर्षीय ऋषिपाल की अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि ऋषिपाल गांव की परचून की दुकान के बाहर सफाई कर रहे थे, तभी हमलावर ने उनके सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने जताई चुनावी रंजिश की आशंका
मृतक के भतीजे संजीव और योगेश ने बताया कि गांव में हाल ही में हुए प्रधानी चुनाव को लेकर पहले से रंजिश चल रही थी। उनका आरोप है कि इसी चुनावी दुश्मनी के चलते ऋषिपाल की हत्या की गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम को भेजा
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।