एवीबीपी ने जेएनयू में हमले के विरोध में फूंका पुतला
बड़ौत। नगर की गांधी रोड पर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्रों पर हुए हमले के खिलाफ नारेबाजी कर वामपंथ का पुतला फूंका।
एवीबीपी के जिला संयोजक गौरव पंवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर वामपंथ का पुतले में आग लगाई। गौरव ने कहा कि वामपंथियों की ओर से जेएनयू कैंपस का माहौल जानबूझकर समय-समय पर खराब किया जा रहा है। कैंपस में कभी देश विरोधी नारे तो कभी रजिस्ट्रेशन कर रहे छात्रों पर हमला किया जा रहा है। इसके चलते छात्रों में दहशत व्याप्त है। विद्यार्थी परिषद मांग करता है कि जेएनयू से वामपंथी एवं छात्र विरोधी तत्वों को बाहर कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे जेएनयू में पढ़ाई का माहौल बन सके। एवीबीपी अब छात्रों पर हमला बर्दास्त नहीं करेगी। पुतला दहन करने वालों में पूर्व जिला संयोजक अंकुर ठाकुर, प्रांजुल शर्मा, निशांत चौधरी, हैप्पी शर्मा, प्रियवत पंवार, शिवम, राहुल कुमार, हर्ष, दीपांशु, अर्पित गुप्ता, आशु, अमन, विकास शर्मा शामिल रहे।