रमाला। किरठल गांव के पास गोवंश से बाइक टकराकर गिरने से राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन पंवार निवासी मौजिजाबाद नांगल के बड़े भाई गुड़ व्यापारी गौरव पंवार (27) की मौत हो गई। वहीं चचेरा भाई रजत मामूली रूप से घायल हो गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही गौरव का अंतिम संस्कार कर दिया। लोगों ने गोवंशों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाने की मांग की है। मौजिजाबाद नांगल गांव निवासी भाकियू अराजनीतिक के जिला सचिव वीरेंद्र ठेकेदार ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब आठ बजे उनका भतीजा गौरव पंवार और बेटा रजत बाइक से किरठल गांव के कोल्हू पर गाड़ी में गुड़ भरवाने गए थे। गुड़ भरवाने के बाद दोनों बाइक से घर वापस आने लगे। जैसे ही दोनों बाइक लेकर किरठल गांव से रमाला की तरफ चले तो एक गोवंश दौड़ते हुए आया और उनकी बाइक उस गोवंश से टकरा गई। इससे दोनों सड़क पर गिर गए और गौरव का सिर सड़क में लग गया। राहगीरों ने दोनों घायलों को उठाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने दोनों घायलों का बड़ौत के निजी अस्पताल में उपचार कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद गौरव की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर मेरठ रेफर कर दिया। परिजन गौरव को मेरठ लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। वीरेंद्र ने बताया कि गौरव पंवार का छोटा भाई नितिन पंवार राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं और गोरखपुर रेलवे में क्लर्क पद पर तैनात हैं, जबकि गौरव गुड़-खांड का कारोबार करते थे। गौरव के परिवार में मां शर्मिला देवी, पिता आनंदपाल, पत्नी पूजा और तीन माह की बेटी अनन्या है।