दर्दनाक हादसा: एंबुलेंस ने मां-बेटी को कुचला, महिला ने मौके पर तोड़ा दम, हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
Baghpat News : बागपत में एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसे में एक बच्ची हो गई है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
बागपत में मेरठ-बागपत हाईवे पर बालैनी स्टैंड के समीप निजी एंबुलेंस ने मां-बेटी को कुचल दिया। जिसमें महिला की मौत हो गई, जबकि बेटी घायल हो गई। घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। हादसे के बाद चालक एंबुलेंस लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बालैनी की रहने वाले अमित यादव ने बताया कि उसकी पत्नी ममता (28) सोमवार दोपहर तीन वर्षीय बेटी मानवी को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी। बताया कि जब वह मेरठ-बागपत हाईवे पर बालैनी स्टैंड के समीप पहुंची तो बागपत की तरफ से आ रही तेज रफ्तार निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने दोनों को कुचल दिया। जिसमे ममता और मानवी गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने एंबुलेंस चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह एंबुलेंस लेकर भाग गया।
यह भी पढ़ें: हाई वोल्टेज ड्रामा: आरोपी राशिद के पास कहां से आए तमंचे, जांच शुरू, कई थानों की पुलिस के छुड़ाए थे पसीने
ग्रामीणों ने दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान ममता की मौत हो गई, जबकि बेटी मानवी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, महिला की मौत होने से गांव में शोक छा गया। इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
मेरठ-बागपत हाईवे पर एंबुलेंस की टक्कर लगने के बाद भीड़ इकट्ठा हो गई और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिससे हाईवे पर जाम लग गया। जिससे हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।