बूढ़नपुर। ब्लॉक कोयलसा के बांसी जप्ती माफी के ग्रामीणों ने बृजेश पटेल के नेतृत्व में ब्लॉक परिसर में मनरेगा की मजदूरी न मिलने पर ग्राम प्रधान और खंड विकास अधिकारी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन सौंप भुगतान की गुहार लगाई। एसडीएम ने शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन में शामिल लालता, वीरेंद्र, शनि, जंकू, राम हरक, पतिराम, पतिराज ,लछीराम, रमिंदर, तारा देवी, सोनमती, श्याम अवध, शीला, खुशहाल, परमी, अमृता, सोनमती ने बताया कि ग्राम प्रधान ने ग्रामसभा में 19 मई 2016 को 45 मजदूरों से मनरेगा योजना के तहत पोखरी की खोदाई कराई थी। सभी मजदूरों ने 35 से 40 कार्य दिवस कार्य किया। ग्राम प्रधान की लापरवाही के चलते आज तक 45 मजदूरों को उनकी मजदूरी नहीं मिल पाई। इसकी शिकायत मजदूरों ने कई बार खंड विकास अधिकारी कोयलसा से की। इसके बावजूद भी भुगतान नहीं किया गया। भुगतान में विलंब को देखते हुए ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी और उप जिलाधिकारी से भी इसकी शिकायत की। समाजसेवी बृजेश पटेल बताया कि जब भी उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो प्रार्थना पत्र विकासखंड कोयलसा आकर रुक जाता है। हमेशा खंड विकास अधिकारी द्वारा आश्वासन देकर मजदूरों को वापस कर दिया जाता है। अगर भुगतान 25 अगस्त तक नहीं होता है तो श्रमिकों की ओर से भूख हड़ताल और आत्मदाह किया जाएगा। श्रमिकों ने उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर दिनेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। दिनेश मिश्र ने श्रमिकों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही भुगतान कराया जाएगा।