Azamgarh News: इन इलाकों में संदिग्ध ड्रोन ने बढ़ाई लोगों की धड़कन, अंधेरे में उड़ता देख दहशत में ग्रामीण
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के तीन थाना क्षेत्रों में उड़ने वाले रहस्यमयी ड्रोन से ग्रामीण दहशत में हैं। रात के अंधेरे में उड़ते ड्रोन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, पुलिस इसे अफवाह बता रही है।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के तीन थाना क्षेत्रों दीदारगंज, सरायमीर और फूलपुर में दो रातों से आसमान में उड़ते रहस्यमयी ड्रोन ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। अंधेरी रातों में लाल और हरी रोशनी से चमकते, गड़गड़ाहट करते इन ड्रोन ने गांव वालों की दहशत और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दी है। इनकी उड़ान का उद्देश्य और संचालनकर्ता अब तक अज्ञात हैं, जिससे रहस्य और भी गहरा गया है।
बुधवार और गुरुवार की रात दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुवाई, मुनव्वरपुर, राजापुर और शेखवलिया गांवों के आसमान में पहली बार दर्जनभर ड्रोन उड़ते देखे गए। ग्रामीणों ने बताया कि ये ड्रोन कुछ देर तक मंडराते रहे, फिर रुक-रुक कर उड़ान भरते रहे। उनके करीब आने पर तेज गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई दी।
इसके बाद ड्रोन सरायमीर के नोनारी और फूलपुर के खानजहांपुर गांव तक भी पहुंच गए। इस अप्रत्याशित दृश्य से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही पांच से सात ड्रोन गायब हो गए। बाकी ड्रोन पहले ही तरह ही उड़ते रहे।
वहीं बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ओरिल गांव में फिर से कई ड्रोन देखे गए। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 2-3 बजे के बीच आसमान में 3 से 4 ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। तेज रोशनी और आवाज से परेशान होकर लोग घरों से बाहर निकल आए और कई घंटों तक इन उड़ानों को देखते रहे। हालांकि पुलिस प्रशासन ने किसी प्रकार के ड्रोन उड़ने की घटना से इंकार किया। कहा कि जितनी ऊंचाई पर यह थे उतनी ऊंचाई पर ड्रोन नहीं उड़ सकते। जबकि सोशल मीडिया पर उड़ते हुए ड्रोन का वीडियो वायरल हो रहा है।
किसी ने 12 तो किसी ने देखे सात से आठ ड्रोन
गांव निवासी परवीन ने कहा रात नौ बजे के करीब चक्की चल रही थी हम लोग बैठे थे। तभी कुछ लड़के आए और कहा चची कुछ देखा है आपने। जब हमने नहीं कहा तो वह हमें ले गए। हम लोग 13-14 की संख्या में ड्रोन को उड़ते देख घबरा गए। 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कहा कि चेकिंग चल रही है। तभी एक ड्रोन पेड़ पर गिर गया। हम लोग भागे-भागे वहां पहुंचे तब तक वह फिर से उड़ गया।
आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि रात लगभग सवा नौ बजे लगभग 12 की संख्या में ड्रोन उड़ रहे थे। काफी आवाजें भी आ रहीं थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कहा कि ड्रोन नहीं हैं जहाज की चेकिंग चल रही है। लेकिन, वह जहाज नहीं ड्रोन थे। काफी संख्या में लोगों ने उन्हें देखा है।
पप्पू ने कहा कि हम लोग दुकान पर बैठे थे तभी किसी ने ड्रोन के उड़ने की सूचना दी। हम वहां पहुंचे तो देखा कि सात-आठ ड्राेन उड़न उड़ रहे हैं। काफी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। सूचना के एक घंटे बाद पुलिस पहुंची और उसने बताया कि विमान की चेकिंग चल रही है। जबकि यह ड्रोन चलते-चलते अचानक रूक जाते थे। इनमें लाल और हरी लाइटें जल रही थी।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में ड्रोन की पुष्टि नहीं हुई। विमानों की चेकिंग चल रही थी। उनमें लाल और हरी बत्तियां जल रहीं थी। यह 50 से 60 किमी की ऊंचाई पर उड़ रहे थे। ड्रोन इतनी ऊंचाई तक नहीं उड़ सकते हैं। इसलिए ड्रोन उड़ने की बात गलत है।
-चिराग जैन, एसपी ग्रामीण
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.