यूपी: ठंड में पुलिस ले रही चैन की नींद, ग्रामीणों ने पकड़ा पशु चोर, किया पुलिस के हवाल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पशु चोरों का आंतक इन दिनों काफी बढ़ गया है। पिकअप सवार चोर लगातार मवेशी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे ही एक पशु चोर को शुक्रवार की रात सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के ग्रामीणों ने पकड़ लिया और फिर मारपीट कर थाने पर ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
दौलतपुर गांव निवासी प्रेमकुमार पुत्र स्व. मुराली की बेटी की डिलिवरी होने थी, जिसके चलते वह अपनी पत्नी के साथ बेटी को लेकर शुक्रवार की शाम जिला महिला अस्पताल चला गया। घर के अगले हिस्से में पड़ी मड़ई में प्रेमकुमार ने अपनी भैंस बांध रखी थी।
डिलिवरी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई तो वह देर रात लगभग डेढ़ बजे पत्नी, बेटी व उसके नवजात को लेकर घर पहुंचा। कुछ दूरी से ही उसने देखा कि उसके मड़ई में कोई है जो उसके भैंस का पगहा खोल रहा है। जिस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस पर भैंस का पगहा खोल रहा चोर मौके से भागने लगा, लेकिन चोर-चोर की आवाज पर काफी संख्या में ग्रामीण जाग गए थे और भाग रहे चोर को दौड़ कर पकड़ लिया। इसके बाद चोर की ग्रामीणों ने जम कर पिटाई भी की। यूपी 112 पर भी सूचना दी गई और वह मौके पर भी पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने चोर को उनके हवाले नहीं किया।
इसके बाद ग्रामीण पकड़े गए चोर को लेकर रात में ही सिधारी थाने पहुंच गए और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पकड़ा गया चोर अपना नाम पता नहीं बता रहा था। कभी अतरौलिया तो कभी बिलरियागंज का रहने वाला कह रहा था। घटना के बाबत थाने पर चोर के खिलाफ तहरीर भी दी गई है।