Uttarakhand Glacier Burst: चमोली आपदा में आजमगढ़ के प्रोजेक्ट मैनेजर भी लापता, ऋषि गंगा पावर कॉरपोरेशन में थे कार्यरत
उत्तराखंड के चमोली में ऋषिगंगा के पानी से मचे जल प्रलय में आज़मगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के ओम प्रकाश यादव भी लापता हैं। वो ऋषि गंगा पावर कारपोरेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर पद तैनात थे। छह फरवरी को 10:15 बजे परिजनों से आखिरी बार उनकी फोन पर बात हुई थी।
जल प्रलय के बाद से ओमप्रकाश का फोन स्विच ऑफ आ रहा है। कुशलक्षेम न मिलने से परिजनों का हाल बेहाल है। प्रकरण के संबंध में थाना प्रभारी दीदारगंज और डीएम आजमगढ़ को जानकारी दी गई है। प्रधान और छोटे भाई चमोली के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर तहसील के दरियापुर गांव निवासी ओमप्रकाश यादव(42) पुत्र राम बहाल यादव ऋषि गंगा पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड चमोली में प्रोजेक्ट मैनेजर पद तैनात हैं। उन्होंने रविवार को परिजनों से फोन पर बात की थी। रविवार को ही 10:30 बजे चमोली में भीषण जल प्रलय आ गई।
इसमें 150 से अधिक लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है। जल प्रलय के बाद से ओमप्रकाश यादव का फोन स्विच ऑफ बता रहा है। वहीं, चमोली में जल प्रलय की बात सुनकर परिजन कुशलक्षेत्र पूछने के लिए फोन लगाने लगे। लगातार तीन दिन से फोन स्विच ऑफ बताने पर दरियापुर के प्रधान तारिक शेख और ओम प्रकाश के छोटे भाई विजय प्रकाश यादव चमोली चले गए हैं।
इसके पहले ओमप्रकाश यादव कनाडा में प्रोजेक्ट मैनेजर थे। मध्यप्रदेश में भी इसी पद पर काम रहे थे। मध्य प्रदेश के बाद लॉकडाउन के दौरान इनका स्थानांतरण ऋषि गंगा पावर कारपोरेशन चमोली में हो गया था। तब से चमोली में प्रोजेक्ट मैनेजर पद पर कार्यरत हैं। इनकी पत्नी मालती दरियापुर गांव बच्चों के साथ रहती हैं।
सबसे बड़ी बेटी अंजलि(16), बेटा आर्यन(14) और सबसे छोटी बेटी ऋतु(12) है। विजय प्रकाश घर पर रहकर परिवार की देखभाल करते हैं। प्रधान तारिक शेख का ने बताया कि फोन से मामले की जानकारी दीदारगंज थानाध्यक्ष संजयकुमार को दी गई है। उन्होंने जिलाधिकारी आजमगढ़ को इस बारे में ई-मेल पर अवगत करा दिया गया है।
जारी सूची में नहीं है नाम
एसडीएम फूलपुर रावेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तराखंड सरकार की ओर से जल प्रलय में लापता लोगों की जो सूची जारी की गई है उसमें ओमप्रकाश यादव या जिले के किसी अन्य का नाम नहीं है। यदि ऐसे हुआ है तो पूरा प्रकरण में उत्तराखंड सरकार से संपर्क कर जानकारी की जाएगी। वहीं, एसओ संजय कुमार ने बताया कि प्रकरण की जानकारी मिली है। जिलाधिकारी को इससे अवगत करा दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।