आजमगढ़। शहर कोतवाली समेत जिले के विभिन्न थानों में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की रणनीति बनी। इसके साथ ही कोविड-19 के गाइड लाइनों का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।
शहर कोतवाली में एडीएम प्रशासन नरेंद सिंह, एसपी सिटी पंकज पांडेय की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिसमें आगामी नवरात्र, विजयादशमी आदि पर्वो को कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन करते हुए मनाए जाने की अपील की गई। इस दौरान पूजा समितियों के पदाधिकारियों को मूर्ति स्थापना, साज-सज्जा आदि को लेकर भी जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। पवई संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाने पर एसडीएम रावेंद्र सिंह व सीओ फूलपुर के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक हुई। अहरौला संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाने पर एसडीएम बूढ़नपुर दिनेश कुमार मिश्रा, सीओ बूढ़नपुर महेंद्र प्रताप शुक्ला के नेतृत्व में शांति कमेटी की बैठक की गई। पूजा पंडालो के साथ ही रामलीला के आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मेजवां संवाददाता के अनुसार फूलपुर कोतवाली में आयोजित पीस कमेटी की बैठक एसडीएम रावेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें बिना अनुमति के मूर्ति स्थापना व रामलीला का आयोजन न करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान सीओ जितेंद्र कुमार ने अनुमति के लिए थाने पर आवेदन करने का निर्देश दिया।