आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: अंतर्राज्यीय शराब तस्कर घायल, साथी संग गिरफ्तार; भारी मात्रा में शराब बरामद
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में पुलिस मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय शराब तस्कर घायल हुआ। जिसके बाद उसे साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान 518 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया गया।
विस्तार
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान आजमगढ़ जिले की थाना जहानागंज पुलिस और अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, असलहे और फर्जी नंबर प्लेट लगा मालवाहक वाहन बरामद किया गया है।
क्या है पूरा मामला
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम 26 जनवरी को क्षेत्र में चेकिंग और पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार नंबर की एक मालवाहक गाड़ी से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर साईं ढाबा के पास भुजही मोड़ पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध लोडर को रोकने का इशारा किया गया तो चालक बैरियर तोड़कर चिरैयाकोट की ओर भाग निकला।
इसे भी पढ़ें; UP में हादसा: पति को खाना देने जा रही पत्नी को पुलिस की गाड़ी ने उड़ाया, महिला की मौत; CO समेत तीन घायल, Video
पुलिस ने पीछा किया तो लंगड़ा बाबा मैदान के पास वाहन ईंटों के ढेर में फंसकर रुक गया। खुद को घिरा देख वाहन सवार दो युवकों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुंदन कुमार निवासी लोदीपुर चिरान, थाना डोरीगंज, जिला छपरा (बिहार) के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसका साथी रंजन कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में सामने आई ये बात
पुलिस ने वाहन से विभिन्न ब्रांड की 60 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिनमें कुल 2880 टेट्रा पैक (प्रत्येक 180 एमएल) शामिल हैं। कुल मात्रा 518.4 लीटर आंकी गई है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो तमंचे, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगा लोडर, मोबाइल फोन, नकदी और वाहन की चाबी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिहार में शराब बंदी के कारण वे उत्तर प्रदेश से शराब ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे और पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट व अवैध हथियारों का इस्तेमाल करते थे। कुन्दन कुमार के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में थाना जहानागंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Ghazipur News: प्रतिमा विसर्जन के जुलूस के दौरान हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत; चार घायल
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत सघन चेकिंग के दौरान थाना जहानागंज पुलिस ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्करी में संलिप्त आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, अवैध असलहे एवं फर्जी नंबर प्लेट लगा वाहन बरामद हुआ है। घायल बदमाश को समुचित चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराया गया है। पूरे प्रकरण की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।