आजमगढ़ में दो लोगों की मौत: 2 महिलाओं पर गिरी बिजली, एक की गई जान, दूसरी झुलसी; डूबने से थम गई किशोर की सांसें
Azamgarh News: आजमगढ़ में गुरुवार को मौसम का कहर जारी रहा। बारिश के बाद बिजली की तड़क-भड़क जारी रही। इस बीच बिलरियागंज थाना क्षेत्र में दो महिलाओं पर बिजली गिर गई, जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं, मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बैजुआपुर गांव में गुरुवार की शाम खेत में रोपाई की तैयारी में जुटी महिलाओं पर बिजली गिर गई। इस घटना में जहां एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक महिला झुलस गई।
जानकारी के अनुसार बैजुआपुर गांव निवासिनी गीता (45) पत्नी स्वर्गीय सुरेश राम और उर्मिला (38) पत्नी रामदरश राम अपने-अपने खेत में धान की रोपाई के लिए खेत तैयार कर रही थी। उसी समय शुरू हुई बारिश के दौरान बिजली गिरी। जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गई।
गांव के लोग आनन-फानन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज गये, जहां चिकित्सक ने गीता को मृत घोषित कर दिया। मृतका के स्वजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए चले गए तथा उर्मिला को प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन घर लेकर चले आए।
मृतका गीता की तीन लड़कियां तथा एक लड़का है, जिसमें केवल पूजा विवाहित है। खुशबू, तनुष्का व विशाल अविवाहित हैं।
बच्चों के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था। मेहनत मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण करने वाली मां भी छोड़कर चली गई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया।
पोखरी में डूबने से किशोर की मौत
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पूरा खिजीर मोहल्ला स्थित एक पोखरी में नहाने गया किशोर डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद परिजनों ने शव को बरामद किया।
पूरा ख्वाजा मोहल्ला मोहम्मद अहमद (15) पुत्र नौशाद अहमद गुरुवार की शाम अपने दोस्तों के साथ पूराखिजिर मोहल्ले में स्थित पोखरी में नहाने गया था। उसके दोस्त नहा कर घर वापस चले गए, लेकिन वह नहीं पहुंचा। काफी देर बाद परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। ढूंढते हुए परिजन पोखरी पर पहुंचे जहां उसका चप्पल बरामद हुआ।
परिजनों को शंका हुई की मोहम्मद अहमद पोखर में डूब गया है। इसके बाद मोहल्ले के लोग मोहम्मद अहमद को पोखरी में ढूंढने लगे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद परिजन अहमद का शव बरामद किए। इस घटना से मृतक के घर मातम छाया हुआ है।