मछली मारने गया युवक कुंवर नदी में डूबा, देर शाम तक तलाश में लगे रहे गोताखोर
आजमगढ़ जिले के खैरूद्दीनपुर गांव निवासी एक युवक सोमवार सुबह कुंवर नदी में मछली मारने गया था। किनारे पर कुछ और लोग भी मछली मार रहे थे। इसी दौरान युवक तैर कर नदी पार करने लगा और अचानक डूबने लगा। आसपास मौजूद युवकों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया।
कुछ ही देर में काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पवई पुलिस भी पहुंच गई और गोताखोरों को बुला कर युवक की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक युवक का पता नहीं चला था। सोमवार सुबह खैरूद्दीनपुर गांव निवासी 24 वर्षीय राजू उर्फ दिवाकर पुत्र राधेश्याम पवई क्षेत्र से होकर गुजरने वाली कुंवर नदी में मछली मारने गया था।
किनारे पर कुछ और लोग भी कांटा लगा कर मछली मार रहे थे। तभी राजू नदी में छलांग लगा दी और तैर कर पार जाने लगा। वह आधी दूरी तक गया होगा कि अचानक वह डूबने लगा। यह देख किनारे मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में दो-तीन युवक उसे बचाने के लिए कूदे लेकिन वे जब तक उसके पास पहुंचते तब तक वह धारा में खो गया था। सूचना गांव में पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पवई पुलिस ने गोताखोरों को बुला कर राजू की तलाश शुरू कराई पर देर शाम तक उसका पता नहीं चला। वह दो भाइयों में बड़ा था।