आजमगढ़। जिले के 14 केंद्रों पर आयोजित यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में मंगलवार को भी परीक्षार्थियों की गहन जांच और सत्यापन के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले ज्यादातर अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया। कई अभ्यर्थियों का कहना था कि हाल ही में हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तुलना में इस बार का पेपर सरल रहा। हालांकि, गणित और रीजनिंग के कुछ प्रश्नों ने थोड़ी चुनौती जरूर दी। अभ्यर्थियों के अनुसार हिंदी और सामान्य अध्ययन के ज्यादातर प्रश्न सामान्य स्तर के थे। हिंदी में व्याकरण और रचना से जुड़े कुछ प्रश्नों ने सोचने पर मजबूर किया। गणित और रीजनिंग के प्रश्नों को हल करने में ज्यादा समय लगा। इससे कई अभ्यर्थियों का समय प्रबंधन प्रभावित हुआ। पहली पाली में 6,432 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इनमें से 5,218 ने परीक्षा दी जबकि 1,214 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में उपस्थिति 81.13 प्रतिशत रही। दूसरी पाली में भी 6,432 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 5,233 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,199 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 81.36 प्रतिशत दर्ज की गई। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 12,864 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इनमें से 10,451 ने परीक्षा दी जबकि 2,413 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति लगभग 81.25 प्रतिशत रही।