आजमगढ़। सचिव लोक निर्माण विभाग एवं जनपद के नोडल अधिकारी रंजन कुमार ने सोमवार देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अपराध होने पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसी भी महिला के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कराएं। डायल 112 को और अधिक संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियान चलाकर जमीन संबंधी विवादों का निस्तारण कराने को कहा। ट्रैफिक के सुचारू रूप से संचालन के लिए सिविल डिफेंस का सहयोग लेने के निर्देश एसपी ट्रैफिक को दिए। डीएसओ को निर्देशित किया कि राशन वितरण के समय कोटेदारों की रैंडम आधार पर जांच कराएं। धान खरीद, गन्ना मूल्य भुगतान, स्वच्छता में निगरानी समितियों को और सक्रिय करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना, पेयजल, पेंशन, छात्रवृत्ति, विद्युत, नलकूप, नहर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, उर्वरक, खाद, बीज, ओडीओपी सहित विभिन्न प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। 50 लाख से ऊपर की ऐसी परियोजनाएं जो अपूर्ण हैं, उसकी सूची बनाने के लिए लोनिवि के अधिकारी को निर्देश दिए। कहा कि जितनी ग्रामीण सड़कें हैं, उनका नंबरीकरण कराएं। इस मौके पर डीएम एनपी सिंह, एसपी त्रिवेणी सिंह, सीडीओ आनन्द कुमार शुक्ला, एडीएम गुरू प्रसाद, सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, डीडीओ रवि शंकर राय, पीडी अभिमन्यु सिंह उपस्थित रहे।