यूपी: जमीन की पैमाइश करने गए तहसील कर्मियों और पुलिस पर पथराव, सब इंस्पेक्टर व लेखपाल घायल
आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के कनैथा गांव का मामला है। ग्रामीणों के हमले में तहसीलदार बाल-बाल बच गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के कनैथा गांव में जमीन की पैमाइश के लिए बुधवार दोपहर दो बजे गई राजस्व विभाग व पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें सब इंस्पेक्टर और लेखपाल घायल हो गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बाद में अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई लेकिन हमलावर फरार हो गए। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
कनैथा गांव में एक भूमि की पैमाइश के लिए निजामाबाद तहसील से राजस्व विभाग की टीम तहसीलदार शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची थी। टीम में लेखपाल के साथ पुलिसकर्मी भी थे। राजस्व निरीक्षक जयराम व लेखपाल रामूराम ने गाटा संख्या 168 (ख) रकबा की 61 एयर भूमि की पैमाइश की। यह भूमि लालजीत, सर्वजीत व लालमन के नाम 10 साल पूर्व आवासीय पट्टा हुई थी, जिस पर दूसरे लोग अवैध रूप से कब्जा जमाए थे।
पैमाइश के दौरान ही दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर लेकर हमला कर दिया। पथराव में लेखपाल रामूराम और एसआई विपिन कुमार सिंह घायल हो गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। तहसीलदार शैलेंद्र कुमार सिंह किसी तरह बच पाए। सूचना पर सरायमीर पुलिस गांव में पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। गांव में तनातनी का माहौल बना हुआ है।
निजामाबाद के तहसीलदार शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पैमाइश करने पहुंची टीम पर हमला करने वालों ने सरकारी भूमि पर कब्जा करके मकान बनवा लिया है। इस अवैध कब्जे को हटवाने को लेकर जल्द कार्रवाई की जाएगी। हमला करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कराया जाएगा।
सरायमीर थाने के एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वैसे पुलिस अपने स्तर से भी हमलावरों को चिह्नित करने में जुटी है।