आजमगढ़ में 7 लोगों ने गंवाई जान: विभिन्न हादसे में 2 घायल, स्कॉर्पियो का दरवाजा काट कर निकाली 2 लाशें; कोहराम
Raod Accident in Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में विभिन्न हादसों में सात लोगों की माैत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
Azamgarh News: बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गोदाम के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जौनपुर से शादी समारोह में सजाने वाला सामान लेकर आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का शव गाड़ी में फंस गया था जिसे दरवाजा तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। वहीं, घायल को उपचार के लिए जौनपुर सदर अस्पताल ले जाया गया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के सराय मोहन निवासी दीपक सरोज (25) ने बताया कि वह आवक निवासी अपने साथी प्रमोद सरोज (35) व मेंहनगर थाना क्षेत्र के सपनहर गांव निवासी वाहन चालक अभय उर्फ सोनू (30) के साथ शादी समारोह में सजाने के लिए फूल व अन्य सामग्री लेने के लिए स्कॉर्पियो से शनिवार को जौनपुर गए थे। उधर से वह वापस लौट रहे थे। वह जैसे ही भीरा गोदाम के पास पहुंचे वैसे ही मार्ग पर अचानक एक गड्ढा आ गया।
परिजनों में मचा कोहराम
गड्ढे से बचने के लिए चालक अभय ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी असंतुलित हो गई। स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई, फिर एक मकान से भिड़ी और अंत में खंभे से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में सपनहर निवासी चालक अभय उर्फ सोनू (30) और आवक निवासी प्रमोद सरोज (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सराय मोहन निवासी दीपक सरोज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जौनपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बरदह थाना प्रभारी राजेंद्र पटेल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल का उपचार जौनपुर सदर अस्पताल में चल रहा है।
कार की टक्कर से बेटे की शादी का कार्ड देने जा रहे पिता की मौत, मां घायल
बेटे की शादी की खुशियां एक पल में ही मातम में बदल गईं। शनिवार की दोपहर करीब 11:30 बजे बेटे की शादी का ननिहाल में कार्ड देने बाइक से पति-पत्नी जा रहे थे। मऊ परासिन गांव के पास तरवां की तरफ से तेज गति की आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें जगदीशपुर चौर थाना तरवां निवासी रामजन्म की राजभर (45) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नीरज गंभीर रूप से घायल हो गई। उनका इलाज चल रहा है।
ग्राम प्रधान उपेंद्र प्रजापति ने बताया कि तरवां थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौर निवासी रामजन्म महाराष्ट्र के नासिक में प्राइवेट नौकरी करते थे। उनके पुत्र आशीष का विवाह 5 मई को तय है। इसके लिए वे बृहस्पतिवार को घर आए थे। शनिवार से शादी के कार्ड वितरण शुरू हुआ। सुबह रामजन्म पत्नी नीरज के साथ पहले गाजीपुर के सिधौना स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर गए थे। यहां महादेव को कार्ड चढ़ाकर वे अपनी ससुराल घिनहापुर कार्ड देने जा रहे थे।
वे अभी बाइक से मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के मऊ परासिन गांव के पास पहुंचे ही थे कि तरवां की तरफ से आ रही तेज गति की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें मौके पर ही रामजन्म की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। थानाध्यक्ष मेहनाजपुर मनीष पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल को इलाज के लिए भेजवाया।
चंडीगढ़ से आजमगढ़ आ रहे श्रमिक की मौत
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के छिड़ी गोपालपुर गांव निवासी घनश्याम निषाद (40) की गंभीर हालत में चंडीगढ़ से आजमगढ़ ले आते समय रास्ते में ही मौत हो गई। भाई दिनेश ने बताया कि उनके भाई घनश्याम तीन माह पूर्व मजदूरी करने के लिए ठेकेदार के साथ चंडीगढ़ गए थे। तीन दिन पहले उनके साथ काम करने वाले एक मजदूर ने फोन कर सूचना दी कि घनश्याम की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती हैं।
सूचना मिलने पर परिजन तत्काल चंडीगढ़ पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर उनके साथ कोई मजदूर मौजूद नहीं मिला। भाई की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें एंबुलेंस से आजमगढ़ लेकर आ रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार की दोपहर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सर्पदंश से कक्षा 11 के छात्रा की मौत
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ताड़ी गांव में शुक्रवार की रात सर्पदंश से कक्षा 11 की छात्रा ऋतिका सरोज (16) मौत हो गई। चचेरे भाई राजकुमार ने बताया कि ताड़ी गांव निवासी श्यामसुंदर की 16 वर्षीय पुत्री ऋतिका शुक्रवार की रात करीब 12 बजे घर के करकट के कमरे में बिस्तर पर सो रही थी। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने डंस लिया। सर्पदंश के बाद ऋतिका ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी।
इस दौरान किशोरी मूर्छित हो गई थी। आनन-फानन परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि ऋतिका दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। वह कक्षा 11 की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार थी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
देवगांव कस्बा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत का मामला प्रकाश में आया है। पत्नी सीमा ने बताया है कि उसके पति कस्बा देवगांव निवासी प्रकाश (33) सब्जी बेचने का कार्य करता था। वह शुक्रवार की दोपहर नहर किनारे बेहोशी की हालत में पाए गए। आनन-फानन स्थानीय लोगों की मदद से उसे सरकारी अस्पताल लालगंज ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
टिनशेड के पाइप से लटका मिला युवक का शव
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के देवरिया निवासी योगेश (30) का शुक्रवार की शाम घर में फंदे से लटकता शव मिला। पिता बिहारी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे वह घर से बाजार चले गए थे। शाम करीब 6 बजे कई दिनों से मायके गई उनकी बहू रेनू अपने घर लौटीं। वह घर में पहुंची कि देखा कि सीढ़ी पर लगे टिनशेड के पाइप में साड़ी के फंदे से उसके पति का शव लटका है।
उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक योगेश दो पुत्रों और दो पुत्रियों के पिता थे। अचानक हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कप्तानगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।