अहरौला। विधानसभा अतरौलिया क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए जिला मुख्यालय आजमगढ़ से जोड़ने के लिए चार नई रोडवेज बसें मिली हैं। यह सौगात सुभासपा अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के प्रयासों से मिली है। बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। चारों रूटों पर अलग-अलग क्षेत्रों को जोड़ने वाली इन बसों के संचालन से हजारों ग्रामीणों को सस्ती, सुविधाजनक और नियमित यातायात सेवा उपलब्ध हो सकेगी। आरएम मनोज कुमार वाजपेयी ने बताया कि पहली बस भवनाथपुर, मीरपुर, चनैता, अतरौलिया होते हुए आजमगढ़ जाएगी। दूसरी बस अभयपुर, मेहियापर, पिपरिया धर्मशाला, मठगोबिंद, पासीपुर होते हुए आजमगढ़ जाएगी।
तीसरी बस शाहपुर, बसही बाजार, कुशमहरा, सुखीपुर, निजामाबाद, भदुलीघाट, हरबंशपुर होकर जिला मुख्यालय पहुंचेगी और चौथी बस एदीलपुर, बढया बाजार, बिलारी, मदियापार, अतरौलिया होते हुए आजमगढ़ जाएगी। सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार गुप्ता ने इस पहल को ग्रामीण जनता के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण जनहितकारी कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राधिका पटेल, लक्ष्मी राजभर, दीपक सिंह, हरिबदन प्रजापति, राकेश गौड़, राजेंद्र पटेल, गजराज राजभर सहित कई पार्टी नेता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।