आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने समीक्षा अधिकारी (आरओ) व सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2023 की तिथि घोषित कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा 11 फरवरी को जिले के 88 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में सुबह 9.30 से 11.30 बजे और दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक होगी। प्रत्येक केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी।
आयोग ने नौ अक्तूबर 2023 को आरओ/एआरओ के 411 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। आवेदन की अंतिम तिथि नौ नवंबर थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 24 नवंबर कर दिया गया था। इस परीक्षा के लिए रिकार्डतोड़ 1069725 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए है। आयोग की किसी भी परीक्षा के लिए पहली बार इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में परीक्षा का सकुशल कराने के लिए 88 केंद्र बनाए गए हैं। जिसपर दो पालियों में कुल 40 हजार 743 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका नंबर 05462297477 है। इस नंबर पर संपर्क कर सूचनाएं दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि परीक्षा कराने के लिए लगभग 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगे। साथ ही हर केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती होगी। बताया कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में आठ फरवरी को बैठक होगी।