आजमगढ़ हत्याकांड: शौर्य को नजदीक से मारी गई थी गोली, गाल से सिर तक गई; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्य
आजमगढ़ जिले में चार लोगों की हत्या और आरोपी की मुठभेड़ में मौत के बाद शंभूपुर में मातम का माहौल है। उधर मासूम शौर्य की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने को लेकर अहम तथ्य सामने आए हैं। इसमें पता चला है कि शौर्य को नजदीक से गोली मारी गई थी।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के शंभूपुर हत्याकांड में मारे गए मासूम शौर्य की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने को लेकर अहम तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के शरीर पर गोली के प्रवेश वाले स्थान (एंट्री वुंड) पर ब्लैकनिंग, टैटूइंग और स्कॉर्चिंग के चिह्न मिले हैं। ये चिह्न सामान्य तौर पर बेहद नजदीक से गोली चलने की स्थिति में पाए जाते हैं। इसके साथ ही शरीर में गोली की ट्रैजेक्टरी तिरछी और ऊपर की ओर पाई गई है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पुलिस टीम और बच्चे के बीच करीब आठ से 10 फीट की दूरी थी। पुलिस का कहना है कि इतनी दूरी से गोली लगने पर एंट्री वुंड पर इस तरह के चिह्न मिलना सामान्य नहीं है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यूट्रलाइज करने से पहले पुलिस टीम का बच्चों के इतने करीब पहुंचना भी संभव नहीं था। पुलिस टीम कमरे के एक छोर पर थी, जबकि आरोपी बच्चों के साथ दूसरे छोर पर था। आरोपी को न्यूट्रलाइज किए जाने के बाद ही पुलिस टीम बच्चों तक पहुंच सकी।
इसे भी पढ़ें; आजमगढ़ हत्याकांड: अरविंद की जेब में मिलीं 18 गोलियां, बच्ची का रोना बंद हुआ तो दरवाजा तोड़ घुसने वाली थी पुलिस
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली की दिशा भी दर्ज की गई है। बच्चे की कम ऊंचाई को देखते हुए शरीर में तिरछी और ऊपर की ओर मिली ट्रैजेक्टरी को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर यह देखा जा रहा है कि गोली किस दिशा और दूरी से चली।
शौर्य की मौत पुलिस की गोली से होने की बात से एसपी ने इंकार किया है। उनका कहना है अगर पुलिस की गोली से शौर्य की मौत होती तो गोली ऊपर से नीचे की ओर से जाती लेकिन उसे जो गोली लगी है, वह नीचे से ऊपर की ओर से गई है। इससे यह स्पष्ट है कि गोली अरविंद ने ही मारी है।
घटना के बाद पुलिस ने मकान को सील किया था, उसे खोल दिया गया है। सिर्फ उस कमरे को सील किया गया है, जिस कमरे में घटना हुई थी। क्योंकि अभी स्टेट की टीम आनी है, जो सीन को रिक्रिएट करेगी। इसके बाद उस कमरे को भी खोल दिया जाएगा।
क्या बोले डीएम
इस घटना से तीन परिवार पीड़ित हुए हैं। हमने इसकी सूचना शासन को भी भेज दी है। साथ ही स्थानीय अधिकारियों को इन्हें सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही इन्हें जो भी अन्य योजनाएं जैसे विधवा पेंशन, पारिवारिक हित लाभ आदि हैं उनके तहत यह जिसके भी पात्र होंगे उसका लाभ दिलाया जाएगा। -रविंद्र कुमार, डीएम