आजमगढ़। शासन और श्रमायुक्त, आजमगढ़ मंडल के निर्देश पर जिलाधिकारी ने ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर कार्यरत श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने का आदेश दिया है। इस पहल का उद्देश्य इन श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उप श्रमायुक्त राजेश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म वर्कर्स में अमेजन, फ्लिपकार्ट जैसी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों, स्विगी, जोमैटो जैसी फूड डिलीवरी कंपनियों और ओला, उबर जैसी राइड कंपनियों में काम करने वाले ड्राइवर व अन्य कर्मचारी शामिल हैं। इन श्रमिकों के हितों की रक्षा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया है। इसके तहत जनपद आजमगढ़ में सात अप्रैल 2025 से 17 अप्रैल 2025 तक श्रमायुक्त कार्यालय में सुबह 10.30 बजे से शाम चार बजे तक विशेष पंजीकरण कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, फ्लिपकार्ट, अमेजन जैसी कंपनियों के स्थानीय वेंडर कार्यालयों में भी मौके पर पंजीकरण सुविधा और जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएंगे। श्रम विभाग ने सभी प्लेटफॉर्म वर्कर्स से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाकर ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकरण के लिए श्रमिक स्वयं ई-श्रम पोर्टल की वेबसाइट पर जा सकते हैं, किसी जन सेवा केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं या श्रम विभाग के कैंप में भाग ले सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक्ड मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण और पैन कार्ड आवश्यक है। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और आवेदन जमा होते ही ई-श्रम कार्ड स्वतः जनरेट हो जाता है।