आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने कोविड 19 को देखते हुए आबादी स्वामित्व सत्यापन प्रमाण पत्र बनाने का कार्य स्थगित किए जाने और लेखपालों के साथ मारपीट की घटना में दोषियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को लेखपाल संघ के अध्यक्ष हरिद्वार सिंह के नेतृत्व में डीएम को मांग पत्र सौंपा गया। लेखपालों ने मामले का निस्तारण किए जाने की मांग की।
अध्यक्ष ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण के प्रकोप से कई सरकारी कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। राजस्व विभाग के कई अधिकारी भी संक्रमित हो रहे है। ऐसी परिस्थिति में वर्तमान समय में लेखपालों की ड्यूटी गांवों में आबादी स्वामित्व सत्यापन योजना में लगाई गई है। इस कार्य को करने में गांव में एक ही जगह पर काफी लोग एकत्रित हो जाया करते हैं। ऐसी दशा में लेखपालों में संक्रमण की संभावना है। परिस्थितियों को देखते हुए आबादी स्वामित्व प्रमाण योजना को स्थगित किया जाए। लेखपालों की दूसरी मांग यह है कि जनपद की लालगंज, सगड़ी और निजामाबाद तहसीलों में अराजक तत्वों द्वारा लेखपालों से मारपीट की गई है। सभी घटनाओं में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अराजक तत्वों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। संघ ने नामजद अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने और सत्यापन योजन के कार्य को स्थगित किए जाने की मांग डीएम से की है। इस अवसर पर पंकज अस्थाना, रामनुज श्रीवास्तव, जितेंद्र नाथ सिंह, अजय सिंह आदि रहे।