आजमगढ़। वामपंथी नेता जयप्रकाश नारायण ने लॉकडाउन के बहाने असहमति और विरोध की आवाजों को मोदी सरकार पर कुचलने का आरोप लगाया। सीएए विरोधी आंदोलन में शामिल रहे छात्रों-युवाओं और बुद्धिजीवियों की गिरफ्तारियों एवं दमन के खिलाफ शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। दमन विरोधी नागरिक मंच की ओर से किए गए प्रदर्शन में उन्होंने कहा कि जेसिका लाल के हत्यारे की ससम्मान रिहाई करने वाली मोदी सरकार संविधान और लोकतंत्र के पक्ष में आवाज उठाने वालों को फर्जी मामलों में जेल में बंद कर रही है।
हमें गरीबों, छात्रों-युवाओं, महिलाओं और इंसाफ़ पसंद नागरिकों को संगठित करते हुए इन काली ताकतों को नेस्तनाबूद करना होगा। राष्ट्रपति को संबोधित मांग पत्र देकर सफूरा जरगर, देवांगना कलिता, नताशा नरवल समेत सीएए विरोधी एक्टिविस्टों-छात्रों, भीमा कोरे गांव मामले समेत अन्य आंदोलनों में गिरफ्तार राजनीतिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों को रिहा करने, यूएपीए को रिपील करने की मांग की गई। कार्यक्रम में ओमप्रकाश सिंह, अनिल कुमार राय, अशोक कुमार राय एवं विनोद कुमार सिंह भी शामिल रहे।