कोरोना से जंग: आजमगढ़ में टीकाकरण केंद्रों पर उमड़ी युवाओं की भीड़, पुलिस बल भी तानात
आजमगढ़ में 18 साल के युवाओं के साथ ही 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को भी टीका लगाया जा रहा। भीड़ लगने की सबसे बड़ी वजह यही बनी है।
विस्तार
आजमगढ़ जिले में 24 केंद्रों पर सोमवार को 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के टीकाकरण कार्य का शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सठियांव स्वास्थ्य केंद्र पर इसका शुभारंभ किया। टीकाकरण शुरू होते ही केंद्रों पर युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। हर केंद्र पर पुलिस को तैनात किया गया था।
जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में टीकाकरण कराने के लिए युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पहले टीके के बाद कोविशील्ड की दूसरी डोज के लिए 42 दिन का समय बढ़ा दिया गया है। केंद्रों पर युवाओं के साथ ही 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को भी टीका लगाया जा रहा है। जिसके कारण केंद्रों पर और अधिक भी लगी हुई है।
जिन लोगों ने टीकाकरण के लिए पहले पंजीकरण कराया है और जिस केंद्र पर टीकाकरण कराने का विकल्प दिया है। उसी केंद्र पर उनको टीका लगना है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सुबह 10 बजे सठियांव के उच्च प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इसका शुभारंभ किया। जबकि उससे पहले से ही युवा लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
हर केंद्र पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। हर केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। लेकिन इस दौरान उमड़ी भीड़ ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई। जिला अस्पताल में पुलिस द्वारा बाहर लोगों की लाइन लगवाई गई थी लेकिन अंदर लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते नजर आए।